भारी बारिश के बीच 56 नवदंपत्तियों ने लिए सात फेरे  

आलापुर (अंबेडकर नगर ) | शासन की महत्त्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में विकास खण्ड जहांगीरगंज के आदित्य मैरिज हॉल में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक त्रिवेणी राम की उपस्थित मे 56  नव दम्पत्ति शादी के बंधन में बंध गए। मालूम हो विकास खण्ड जहांगीरगंज के आदित्य मैरिज हॉल में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एक भव्य वैवाहिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 60 जोड़ो के शादी में शामिल होने वाले थे भारी बारिश के बीच चार जोड़े अनुपस्थित रहे 56 जोड़े मंत्रोचार के साथ पवित्र बंधन में बंधे, जिनमें 3 नगर पंचायत राजेसुल्तानपुर तथा 5 जोड़े जहांगीर गंज नगर पंचायत के थे,जिन्हें प्रशासनिक अधिकारियों और अतिथियों ने आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व विधायक त्रिवेणी राम ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने सरकार की इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह योजना से गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी सम्मानपूर्वक संपन्न हो रही है, जिससे समाज में फिजूलखर्ची पर भी रोक लगी है।इस दौरान नायब तहसीलदार धर्मेन्द्र कुमार श्रीवास्तव,खण्ड विकास अधिकारी सत्य प्रकाश पाण्डेय, सहायक समाज कल्याण अधिकारी चंद्रभूषण और एडीओ पंचायत अखिलेश कुमार गोंड समेत कई अन्य अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अधिकारियों ने सरकार की ओर से दी जाने वाली सहायता राशि और उपहार सामग्री नवविवाहित जोड़ों को भेंट की और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विवाह संपन्न होने के बाद वर-वधू पक्ष के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। शादी समारोह सम्पन्न होने पर कार्यक्रम में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित सभी लोगों को धन्यवाद किया।