भारी बारिश और आकाशीय बिजली से पशुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें पशुपालक

बैतालपुर, देवरिया। पशुपालन विभाग द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकास खंड बैतालपुर के ग्राम पंचायत सेखौना में पशु स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी के नेतृत्व में पशुओं के टीकाकरण कार्य किया गया जिसमें सुभाष चंद्र एवं राजकुमार यादव ने सहयोग किया।इस दौरान पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दीग्विजय यादव ने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरण किया एवं भारी बारिश एवं आकाशीय बिजली के मौसम में पशुओं की सुरक्षा को लेकर पशुपालकों को विस्तार से जागरूक किया।उन्होंने विशेष रूप से तड़ित और वज्रपात से बचाव के लिए बताया कि बारिश के दौरान पशुओं को खुले खेत, मैदान या पेड़ के नीचे कतई न बांधें।पशुशाला में तड़ित चालक अर्थिंग की व्यवस्था कराएं और लोहे के खंभे/तार से पशुओं को दूर रखें।आकाशीय बिजली चमकते समय पशुओं को पक्की छत वाली बंद शाला के अंदर ही रखें।एक ही स्थान पर कई पशुओं को एक साथ न बांधें, थोड़ी-थोड़ी दूरी बनाए रखें।वज्रपात के समय तालाब, नदी या जलाशय के किनारे पशुओं को चराने न ले जाएं।यदि खुले में हैं तो तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और पशुओं को भी ले जाएं।पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी ने पशुपालकों से अपील की कि मौसम विभाग की चेतावनी पर ध्यान दें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पशु चिकित्सालय या विभाग के टोल फ्री नंबर 1962 पर संपर्क करें।