बीड से पुणे के लिए नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ, मराठवाड़ा को मिलेगी बेहतर रेल कनेक्टिविटी

मुंबई। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय रेल मंत्री? महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने 17 सितंबर 2026 को बीड रेलवे स्टेशन से बीड-पुणे उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सांसद बजरंग सोनवणे, विधायक संदीप क्षीरसागर, सुरेश धस, प्रकाश सोलंके और विजय सिंह पंडित तथा बीड की नगराध्यक्ष प्रेमलता पारवे मौजूद रहीं।

यह कार्यक्रम मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम दिवस के अवसर पर आयोजित हुआ। इसी दिन वर्ष 1948 में भारतीय सशस्त्र बलों की कार्रवाई के बाद मराठवाड़ा का भारतीय संघ में एकीकरण हुआ था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने कहा कि बीड और पुणे के बीच रेल सेवा शुरू होने से मराठवाड़ा को महाराष्ट्र के पश्चिमी क्षेत्र से बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। इससे क्षेत्र में सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

इससे पहले पुणे मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार वर्मा ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। बीड के जिलाधिकारी विवेक जॉनसन सहित मध्य रेलवे और पुणे मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

बीड-पुणे ट्रेन सेवा की शुरुआत अहिल्यानगर-बीड-पर्ली वैजनाथ नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत अहिल्यानगर-बीड रेलखंड के निर्माण एवं संचालन के बाद एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

नियमित सेवा गाड़ी संख्या 11433/11434 पुणे-बीड-पुणे दैनिक एक्सप्रेस के रूप में संचालित की जाएगी। नियमित सेवा शुरू होने की तारीख, समय-सारिणी, ठहराव और डिब्बों की संरचना की जानकारी रेलवे द्वारा जल्द जारी की जाएगी।

मध्य रेलवे ने कहा कि मराठवाड़ा क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत करने और यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं किफायती रेल यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में यह सेवा महत्वपूर्ण कदम है। इससे मराठवाड़ा और पुणे क्षेत्र के बीच आवागमन बेहतर होने के साथ सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।