बिजनौर में पटाखा कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर चला अग्नि सुरक्षा जांच अभियान, 12 स्थानों का फायर ऑडिट

बिजनौर में पटाखा कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर चला अग्नि सुरक्षा जांच अभियान, 12 स्थानों का फायर ऑडिट

57 लोगों को अग्नि सुरक्षा और आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के लिए किया गया जागरूक

बिजनौर। अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा मुख्यालय लखनऊ, जिलाधिकारी बिजनौर एवं पुलिस अधीक्षक बिजनौर के निर्देश पर जनपद में पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री के निर्माण और भंडारण वाले स्थानों पर विशेष अग्नि सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में स्कीम संख्या-11 के तहत यह अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान धामपुर, नजीबाबाद, नहटौर, नूरपुर और चांदपुर क्षेत्र में पटाखा निर्माण एवं भंडारण से जुड़े 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने इन स्थानों पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं, फायर ऑडिट तथा आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

धामपुर में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के साथ क्षेत्राधिकारी, उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। वहीं नजीबाबाद क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी नजीबाबाद एवं प्रभारी अग्निशमन केंद्र नजीबाबाद तथा चांदपुर में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी द्वारा संबंधित प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान नहटौर, नजीबाबाद, नूरपुर, चांदपुर और धामपुर क्षेत्र में स्थित विभिन्न पटाखा निर्माण एवं बिक्री केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्थाएं परखी गईं। संचालकों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि सभी अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखें और उनका समय-समय पर अनुरक्षण कराते रहें।

अग्निशमन विभाग की टीम ने आतिशबाजी लाइसेंसधारकों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी और प्राथमिक अग्निशमन उपायों के बारे में भी जानकारी दी। अभियान के दौरान कुल 57 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति प्रशिक्षित एवं जागरूक किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री से जुड़े प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है। अभियान के दौरान संचालकों और कर्मचारियों को आग से बचाव के आवश्यक उपायों की जानकारी देते हुए सुरक्षा उपकरणों को हर समय दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।