बाली हॉल्ट स्टेशन पर प्लेटफॉर्म ऊंचाई बढ़ाने का काम पूरा सियालदह मंडल ने यात्री सुविधाओं में किए कई महत्वपूर्ण सुधार, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को मिलेगी राहत

कोलकाता। सियालदह मंडल ने बाली हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य पूरा कर लिया है। प्लेटफॉर्म और ट्रेन के कोच के बीच ऊंचाई का अंतर कम होने से अब यात्रियों के लिए ट्रेन में चढ़ना और उतरना पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुगम होगा। इससे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों और महिला यात्रियों को राहत मिलेगी।

प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने के साथ स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी कई कार्य किए गए हैं। प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर ऊंचाई बढ़ाने के साथ दो मीटर चौड़ा प्लेटफॉर्म विस्तार किया गया है। वहीं प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर तीन मीटर चौड़े ऊंचे प्लेटफॉर्म क्षेत्र का निर्माण किया गया है, जिससे यात्रियों की आवाजाही और पहुंच आसान होगी।

यात्रियों की सुविधा और स्टेशन के समग्र विकास के लिए कई अन्य कार्य भी किए जा रहे हैं। प्लेटफॉर्म की मजबूती और सुंदरता बढ़ाने के लिए टाइल्स एवं कोटा स्टोन लगाने का काम जारी है। इसके अलावा यात्रियों के लिए पानी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर शौचालय परिसर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

ट्रेन की प्रतीक्षा करने वाले यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्म संख्या-1 और 2 पर कुल 20 बैठने की बेंच लगाई गई हैं। इससे यात्रियों को प्रतीक्षा के दौरान बेहतर सुविधा मिलेगी।

सियालदह मंडल की ओर से बताया गया कि बाली हॉल्ट के अलावा मंडल के करीब 20 अन्य स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर तेजी से चल रहा है। इन कार्यों का मुख्य उद्देश्य प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच ऊंचाई के अंतर को कम कर यात्रियों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है।

इसके साथ ही यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने और रेलवे ट्रैक पार करने की आवश्यकता को कम करने के उद्देश्य से सियालदह मंडल में 50 फुट ओवरब्रिज स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें बाली हॉल्ट स्टेशन भी शामिल है।

रेलवे द्वारा किए जा रहे इन विकास कार्यों से बाली हॉल्ट सहित सियालदह मंडल के स्टेशनों पर यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलने की उम्मीद है। मंडल का कहना है कि यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और उपनगरीय रेलवे ढांचे को आधुनिक एवं यात्री अनुकूल बनाने का कार्य लगातार जारी रहेगा।