बारिश भी नहीं डिगा सकी श्रद्धालुओं का विश्वास, जयकारों से गूंजता रहा वैष्णो देवी मार्ग

बारिश भी नहीं डिगा सकी श्रद्धालुओं का विश्वास, जयकारों से गूंजता रहा वैष्णो देवी मार्ग

मौसम की चुनौतियों के बीच भी जारी रही मां वैष्णो देवी की यात्रा, बारिश थमते ही पूरे उत्साह से भवन की ओर बढ़े भक्त

कटड़ा। मां वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे श्रद्धालुओं की आस्था के आगे रविवार को मौसम की चुनौतियां भी फीकी नजर आईं। लगातार बदलते मौसम और बारिश के बीच भी भक्तों के कदम नहीं रुके। तेज बारिश के दौरान कुछ समय के लिए श्रद्धालुओं को आश्रय स्थलों में रुकना पड़ा, लेकिन जैसे ही बारिश थमी, श्रद्धालु फिर पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भवन की ओर रवाना हो गए।

रविवार को त्रिकूट पर्वत क्षेत्र में मौसम पल-पल बदलता रहा। कभी तेज बारिश और ठंडी हवाओं ने श्रद्धालुओं को प्रभावित किया तो कभी मौसम साफ होने से यात्रा का उत्साह और बढ़ गया। बारिश के बीच यात्रा मार्ग पर कुछ स्थानों पर कीचड़ और कंकड़-पत्थर के कारण परेशानी जरूर हुई, लेकिन मां के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु लगातार आगे बढ़ते रहे।

बारिश थमी तो फिर गूंजे जयकारे

सुबह भारी बारिश के कारण कुछ समय के लिए श्रद्धालुओं को सुरक्षित आश्रय स्थलों में रुकना पड़ा। मौसम सामान्य होते ही यात्रा मार्ग पर फिर रौनक लौट आई। परिवार और मित्रों के साथ पहुंचे श्रद्धालु ?जय माता दी? के जयकारों के बीच भवन की ओर बढ़ते दिखाई दिए।

मौसम साफ होने के दौरान श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ भी मिला। हालांकि बाद में त्रिकूट पर्वत पर घने बादल छा गए और दिनभर बादलों तथा धूप के बीच लुकाछिपी का दौर चलता रहा।

सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर

श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे। यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

कटड़ा पहुंचने वाले श्रद्धालु पंजीकरण कराने के बाद आरएफआईडी यात्रा कार्ड प्राप्त कर परिवार और साथियों के साथ भवन की ओर रवाना होते रहे। यात्रा के दौरान बैटरी कार, रोपवे, घोड़ा-खच्चर और पालकी सहित विभिन्न सुविधाएं भी श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही हैं।

तीन बजे तक करीब 12 हजार श्रद्धालु भवन की ओर रवाना

रविवार दोपहर तीन बजे तक करीब 12 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। वहीं कटड़ा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला भी लगातार जारी रहा।

मौसम की चुनौती के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं दिखाई दी। बारिश के बीच भी मां के जयकारों से यात्रा मार्ग भक्तिमय बना रहा। फिलहाल मौसम में उतार-चढ़ाव के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारु रूप से जारी है।