बहेड़ी स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक से रेल संरक्षा के प्रति किया जागरूक

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की ओर से बहेड़ी रेलवे स्टेशन परिसर एवं प्लेटफार्म पर यात्रियों और आमजन को रेल संरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रिकिता के नेतृत्व में आयोजित अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सुरक्षित रेल यात्रा और रेलवे नियमों के पालन का संदेश दिया गया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क उपयोगकर्ताओं को बंद समपार फाटक को अनधिकृत रूप से पार नहीं करने की अपील की गई। साथ ही रेलवे ट्रैक या समपार फाटक पार करते समय हेडफोन का प्रयोग न करने के प्रति भी जागरूक किया गया। लोगों से रेलवे ट्रैक के किनारे मवेशी नहीं चराने और रेलवे ट्रैक तथा विद्युत पोल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई। ट्रैक के किनारे पतंग न उड़ाने के प्रति भी लोगों को सचेत किया गया।

रेल यात्रियों को यात्रा के दौरान ज्वलनशील पदार्थ साथ लेकर नहीं चलने, ट्रेन के अंदर धूम्रपान नहीं करने तथा ट्रेन के पायदान और छत पर यात्रा से बचने की जानकारी दी गई। इसके अलावा स्टेशन पर प्लेटफार्म बदलते समय रेलवे ट्रैक पार करने के बजाय फुट ओवरब्रिज का ही प्रयोग करने की अपील की गई।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के जनजागरूकता अभियानों का उद्देश्य यात्रियों और आमजन को रेल संरक्षा नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित यात्रा के प्रति जिम्मेदार बनाना है।