फिरोजपुर में 5वीं पंजाब हैपकिडो स्टेट चैंपियनशिप संपन्न, 300 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

फिरोजपुर में 5वीं पंजाब हैपकिडो स्टेट चैंपियनशिप संपन्न, 300 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

टीम ट्रॉफी में फिरोजपुर प्रथम, मोगा दूसरे और फाजिल्का तीसरे स्थान पर रहा

फिरोजपुर। फिरोजपुर में जिला हैपकिडो एसोसिएशन की ओर से आयोजित 5वीं हैपकिडो स्टेट चैंपियनशिप उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न हुई। प्रतियोगिता में पंजाब के विभिन्न जिलों से करीब 300 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

टीम ट्रॉफी मुकाबलों में फिरोजपुर ने पहला स्थान हासिल कर चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि मोगा दूसरे और फाजिल्का तीसरे स्थान पर रहा। कार्यक्रम में रेलवे फिरोजपुर के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक गुरशरण पाठक और आरएसडी राज रतन पब्लिक स्कूल फिरोजपुर की प्रिंसिपल डॉ. प्रवीण लता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर स्वास्थ्य विकसित करने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

इस अवसर पर फिरोजपुर के महासचिव गुरसाहिब सिंह, अध्यक्ष कुलबीर सिंह और कोषाध्यक्ष सुरिंदर मलिक ने भी खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हैपकिडो एसोसिएशन ऑफ पंजाब की वार्षिक बैठक में लिए गए अहम फैसले

चैंपियनशिप के समापन के बाद हैपकिडो एसोसिएशन ऑफ पंजाब की वार्षिक आम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप कुमार ने की। इसमें उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार, पंजाब महासचिव विकास कुमार और पंजाब ओलंपिक एसोसिएशन के पर्यवेक्षक देविंदर नाथ सहित पंजाब के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी शामिल हुए।

बैठक में पंजाब में हैपकिडो खेल को मजबूत बनाने, नए खिलाड़ियों को जोड़ने और आगामी जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से प्रत्येक जिले में प्रशिक्षण शिविर लगाने, आगामी राज्य स्तरीय चैंपियनशिप की तैयारियों के लिए समिति गठित करने तथा नए खिलाड़ियों के लिए बेल्ट श्रेणी निर्धारण और निर्णायक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में हैपकिडो को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी सहमति बनी।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि हैपकिडो केवल आत्मरक्षा का खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक फिटनेस विकसित करने का प्रभावी माध्यम भी है। पंजाब के युवाओं में इस खेल के प्रति बढ़ते उत्साह को देखते हुए एसोसिएशन इसे राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास करेगी। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने और पंजाब में हैपकिडो के विस्तार के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।