फिरोजपुर मंडल में राजभाषा पखवाड़े के तहत हिंदी कार्यशाला आयोजित

फिरोजपुर। फिरोजपुर के सभाकक्ष में बुधवार को राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत कार्मिक शाखा की हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कार्मिक शाखा में कार्यरत कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यशाला में सहायक कार्मिक अधिकारी कृष्णपाल सिंह एवं वरिष्ठ अनुवादक सुनील ने व्याख्याता के रूप में कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। इस दौरान हिंदी के संवैधानिक प्रावधानों एवं सरकारी कामकाज में राजभाषा के प्रयोग से जुड़े दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अधिकारियों ने कर्मचारियों को सरकारी कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया। साथ ही दैनिक कार्यालयीन कार्य हिंदी में करते समय आने वाली कठिनाइयों पर चर्चा कर उनके समाधान के प्रयास किए गए।

कार्यशाला का उद्देश्य कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ सरकारी कामकाज को सरल, सहज और प्रभावी तरीके से हिंदी में करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।