फिरोजपुर मंडल को एसएलआर लीजिंग अनुबंध से मिलेगा ₹5.51 करोड़ का राजस्व

फिरोजपुर मंडल को एसएलआर लीजिंग अनुबंध से मिलेगा ₹5.51 करोड़ का राजस्व

ई-निविदा के माध्यम से गोल्डन टेम्पल मेल और फिरोजपुर कैंट-पटना स्पेशल में अनुबंध आवंटित, रेलवे की आय बढ़ने के साथ व्यापारियों को मिलेगी सुविधा

फिरोजपुर। रेलवे की आय बढ़ाने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में फिरोजपुर मंडल ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंडल में ई-निविदा के माध्यम से 2 ट्रेनों में एसएलआर लीजिंग अनुबंध सफलतापूर्वक आवंटित किए गए हैं। इन अनुबंधों से रेलवे को कुल ₹5.51 करोड़ का राजस्व प्राप्त होगा।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 12904 गोल्डन टेम्पल मेल में 3 वर्षों के लिए, जबकि ट्रेन संख्या 04616 फिरोजपुर कैंट-पटना स्पेशल में 90 दिनों के लिए एसएलआर लीजिंग अनुबंध आवंटित किया गया है। इस व्यवस्था से रेलवे की आय में वृद्धि होने के साथ ट्रेनों में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित होगा।

एसएलआर लीजिंग व्यवस्था के माध्यम से व्यापारियों को अपना सामान एक स्थान से दूसरे स्थान तक तेजी और सुरक्षित तरीके से भेजने की सुविधा मिलती है। इससे माल परिवहन में समय और लागत की बचत होती है। वहीं, रेलवे को यात्री सेवाओं के साथ अतिरिक्त राजस्व अर्जित करने का अवसर मिलता है।

ई-निविदा के माध्यम से अनुबंध आवंटित किए जाने से प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होती है। फिरोजपुर मंडल की यह पहल रेलवे के गैर-किराया राजस्व को बढ़ाने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे रेलवे और व्यापारियों दोनों को लाभ मिलने की उम्मीद है।