प्रयागराज-मिर्जापुर से दिल्ली तक रेल संपर्क होगा आसान, दो स्पेशल ट्रेनों का शकूरबस्ती तक विस्तार

प्रयागराज-मिर्जापुर से दिल्ली तक रेल संपर्क होगा आसान, दो स्पेशल ट्रेनों का शकूरबस्ती तक विस्तार

दादरी के बजाय अब शकूरबस्ती होगा अंतिम स्टेशन, नई दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली तक सीधे पहुंच सकेंगे यात्री

प्रयागराज। प्रयागराज और मिर्जापुर से दिल्ली एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और रेल संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रयागराज-दादरी तथा नारायणपुर बाजार-दादरी स्पेशल ट्रेनों का शकूरबस्ती तक विस्तार करने का निर्णय लिया है। इससे पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के यात्रियों को पश्चिमी दिल्ली क्षेत्र तक सीधी रेल सुविधा मिलेगी।

रेलवे के इस निर्णय से गाड़ी संख्या 02417/02418 (प्रयागराज-शकूरबस्ती-प्रयागराज) और 04163/04164 (नारायणपुर बाजार-शकूरबस्ती-नारायणपुर बाजार) का परिचालन दादरी के बजाय शकूरबस्ती तक किया जाएगा। इससे प्रयागराज, मिर्जापुर, चुनार, कानपुर, इटावा, अलीगढ़ सहित कई प्रमुख क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली पहुंचने के लिए दादरी पर उतरकर बस, कैब या मेट्रो जैसी वैकल्पिक परिवहन सेवाओं का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।

नई दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली तक सीधी सुविधा

शकूरबस्ती तक ट्रेन के विस्तार से यात्रियों के समय और अतिरिक्त किराए की बचत होगी। साथ ही नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली जैसे व्यस्त टर्मिनल स्टेशनों पर यात्री दबाव कम करने में भी यह सेवा सहायक होगी। शकूरबस्ती पश्चिमी दिल्ली का महत्वपूर्ण रेल केंद्र होने के साथ-साथ हरियाणा की ओर जाने वाले रेल मार्गों से भी जुड़ा है। इससे उत्तर प्रदेश के कृषि एवं व्यापारिक क्षेत्रों को दिल्ली, हरियाणा और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से बेहतर रेल संपर्क मिलेगा।

11 सितंबर से शुरू होगा परिचालन

प्रारंभिक चरण में गाड़ी संख्या 02417 प्रयागराज-शकूरबस्ती 11 सितंबर से 14 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन चलेगी और इसके कुल 34 फेरे होंगे। वापसी में 02418 शकूरबस्ती-प्रयागराज 12 सितंबर से 15 अक्टूबर तक प्रतिदिन संचालित होगी।

इसके बाद त्योहारों को देखते हुए सेवा का विस्तार किया जाएगा। 15 अक्टूबर से 14 दिसंबर तक 02417 सप्ताह में चार दिन और 17 अक्टूबर से 17 दिसंबर तक 02418 सप्ताह में चार दिन चलेगी। वहीं 04163 नारायणपुर बाजार-शकूरबस्ती 17 अक्टूबर से 16 दिसंबर तक सप्ताह में तीन दिन तथा 04164 शकूरबस्ती-नारायणपुर बाजार 16 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी।

21 कोच की होगी ट्रेन

इन ट्रेनों में यात्रियों की अलग-अलग श्रेणियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कुल 21 कोच लगाए गए हैं। इनमें 2 एसएलआर/डी, 5 सामान्य, 10 स्लीपर, 3 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी तथा 1 प्रथम सह द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी का कोच शामिल है।

प्रयागराज से शकूरबस्ती पहुंचने का समय

गाड़ी संख्या 02417 प्रयागराज से रात 9 बजे रवाना होकर भरवारी, सिराथू, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, इटावा, शिकोहाबाद, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी, गाजियाबाद और नई दिल्ली होते हुए सुबह 10:05 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 02418 शकूरबस्ती से रात 9:30 बजे रवाना होगी और नई दिल्ली, गाजियाबाद, दादरी, खुर्जा, अलीगढ़, टूंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, फतेहपुर, सिराथू और भरवारी होते हुए अगले दिन सुबह 9:15 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।

वहीं नारायणपुर बाजार से चलने वाली 04163 ट्रेन चुनार, मिर्जापुर, मेजा रोड और प्रयागराज होते हुए शकूरबस्ती पहुंचेगी। वापसी में 04164 शकूरबस्ती से चलकर नई दिल्ली, गाजियाबाद, दादरी, अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, मेजा रोड, मिर्जापुर और चुनार होते हुए दोपहर 12:25 बजे नारायणपुर बाजार पहुंचेगी।

रेल प्रशासन के अनुसार इस विस्तार से पूर्वी उत्तर प्रदेश और दिल्ली क्षेत्र के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा। यात्रियों को यात्रा की समय-सारिणी, टिकट बुकिंग और अन्य रेल संबंधी जानकारी के लिए रेलवन ऐप का उपयोग करने की सलाह दी गई है।