प्रयागराज मंडल में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा शुरू, 5 हजार स्थानों की होगी सफाई

प्रयागराज। प्रयागराज मंडल में बुधवार को ?स्वच्छता ही सेवा? पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ किया गया। ?स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत? की थीम पर चलने वाला यह अभियान 2 अक्टूबर तक जारी रहेगा। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने टूंडला जंक्शन से अभियान की शुरुआत की।

इस दौरान मंडल के प्रयागराज कार्यालय और कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रयागराज मंडल कार्यालय में अपर मंडल रेल प्रबंधक सामान्य दीपक कुमार और अपर मंडल रेल प्रबंधक इन्फ्रा धनंजय सिंह की मौजूदगी में अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ ली। वहीं अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन मो. मुबश्शिर वारिस ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर अभियान का शुभारंभ किया।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल रेलवे परिसरों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह यात्रियों के बेहतर अनुभव, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर कार्यसंस्कृति से भी जुड़ी है। उन्होंने रेलकर्मियों और सफाई मित्रों से स्वच्छता को दैनिक व्यवहार और कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

5 हजार स्थानों की सफाई और मैपिंग का लक्ष्य

पखवाड़े के दौरान प्रयागराज मंडल ने 5 हजार स्थानों की सफाई और मैपिंग का लक्ष्य तय किया है। इसके तहत स्टेशनों, यार्डों, रेलवे कॉलोनियों और पटरियों के आसपास चिन्हित स्थानों की सफाई एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। कचरा संवेदनशील स्थानों के कायाकल्प पर भी विशेष जोर रहेगा।

रेलवे स्कूलों में ?स्वच्छता ज्ञान यात्रा? के माध्यम से विद्यार्थियों को जैव शौचालय, अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र, पुनर्चक्रण संयंत्र और कचरा पृथक्करण की जानकारी दी जाएगी। सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर, सुरक्षा उपकरणों का वितरण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की पहल भी की जाएगी।

यात्रियों और रेलकर्मियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए ?मेरी सीट, मेरा डिब्बा?, घर-घर कचरा पृथक्करण, कंपोस्टिंग और कपड़े के थैलों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। प्लास्टिक बोतल नष्ट करने वाली मशीनों के उपयोग के साथ ही ?कबाड़ से जुगाड़? और ?कबाड़ से कला? जैसी गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

1 अक्टूबर को सुबह आठ बजे ?एक दिन, एक घंटा, एक साथ? अभियान के तहत सामूहिक श्रमदान किया जाएगा। इसके बाद 2 अक्टूबर को ?एक पेड़ मां के नाम? अभियान के तहत पौधरोपण होगा। रेलवे पटरियों के किनारे सफाई, ?नो रेड एंड येलो स्पॉट? अभियान और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के नियमों के पालन पर भी जोर दिया जाएगा।

मंडल रेल प्रबंधक ने रेलकर्मियों और सफाई मित्रों से अपील की कि स्वच्छता को केवल पखवाड़े तक सीमित न रखते हुए इसे निरंतर व्यवहार का हिस्सा बनाएं। उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि ?न मैं गंदगी करूंगा, न किसी और को करने दूंगा।?