प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात को दीं 2 नई ट्रेनों की सौगात, साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

अहमदाबाद। गुजरात के रेल यात्रियों के लिए शुक्रवार को बड़ी सौगात मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महेसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू रेल सेवा और साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन दोनों नई रेल सेवाओं से क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ धार्मिक पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

नई मेमू रेल सेवा से प्रसिद्ध बहुचर माता मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ बेचराजी के औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी। इस मार्ग पर मारुति सुजुकी के हंसलपुर संयंत्र सहित कई उद्योग संचालित हैं। ट्रेन का किराया भी किफायती रखा गया है। साबरमती से बेचराजी का किराया 25 रुपये, रणुंज का 30 रुपये और महेसाणा का 35 रुपये निर्धारित किया गया है। साबरमती से बेचराजी का मासिक सीजन टिकट 355 रुपये और विद्यार्थियों के लिए 180 रुपये में उपलब्ध होगा।

वहीं साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस से गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा। यह ट्रेन महेसाणा, पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई, भरतपुर, ईदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज और मिर्जापुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

इस ट्रेन से गुजरात और राजस्थान के यात्रियों को वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापारियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को भी लंबी दूरी की यात्रा के लिए नया विकल्प मिलेगा।

इस अवसर पर अहमदाबाद मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार दोनों नई रेल सेवाएं यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और क्षेत्रीय विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।