प्रदेश सचिव रामलाल सिंह ने विद्यालय के शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत विकास पर दिया मार्गदर्शन:- बाघमारा

पूर्णिया। सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी, बाघमारा में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं शिक्षण व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश सचिव रामलाल सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन, संस्कारयुक्त शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला।

श्री सिंह ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे परिणाम प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का बौद्धिक, शारीरिक, सामाजिक एवं नैतिक विकास सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने नई शिक्षा नीति 2020 (NEP) के अनुरूप बाल-केंद्रित एवं गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों में रचनात्मकता, तार्किक क्षमता और व्यवहारिक ज्ञान विकसित करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने शिक्षकों को नियमित एवं प्रभावी शिक्षण, पाठ्यक्रम की समयबद्ध पूर्णता तथा प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता के अनुरूप मार्गदर्शन देने की बात कही। साथ ही विद्यालय में स्वच्छता, अनुशासन, समयपालन, पुस्तकालय, खेलकूद एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में विभाग निरीक्षक गणेश प्रसाद, स्थानीय सचिव वीरेन्द्र मेहता, अजय कुमार सिंह, प्रधानाचार्य आशुतोष मिश्र, चंद्रमोहन प्रसाद, सरोज कुमारी, मेनिका कुमारी एवं कार्यालय प्रमुख दिवाकर जी सहित अन्य आचार्य एवं दीदी जी उपस्थित रहे।

बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने, विद्यार्थियों की नियमित प्रगति का मूल्यांकन करने और विद्यालय की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार करने पर चर्चा हुई।

अंत में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं संस्कार प्रदान करने तथा विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक रूप से निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया गया।