पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे मुख्यालय में ईवी चार्जिंग सुविधा शुरू, 30 से 40 मिनट में चार्ज होगी इलेक्ट्रिक कार

गुवाहाटी। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने महत्वपूर्ण पहल की है। रेलवे ने 16 अक्टूबर 2026 को गुवाहाटी के मालीगांव स्थित मुख्यालय परिसर में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग सुविधाएं स्थापित की हैं। इस सुविधा का उद्घाटन पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया।

नई व्यवस्था के तहत चार पहिया और दो पहिया इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए अलग-अलग चार्जर लगाए गए हैं। इससे रेलवे कर्मचारियों और मुख्यालय आने वाले आगंतुकों को अपने इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज करने की सुविधा मिलेगी। रेलवे की इस पहल का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करना और पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करना है।

कारों के लिए 60 किलोवाट का फास्ट चार्जर

चार पहिया इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 60 किलोवाट क्षमता वाला डीसी फास्ट चार्जर स्थापित किया गया है। इसमें 2 चार्जिंग गन और सीसीएस-2 कनेक्टर उपलब्ध हैं, जिससे विभिन्न कंपनियों और मॉडलों की अनुकूल इलेक्ट्रिक कारों को चार्ज किया जा सकता है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कार को चार्ज करने में लगभग 30 से 40 मिनट लग सकते हैं। इससे वाहन चालकों का समय बचेगा और चार्जिंग सुविधा तक पहुंच आसान होगी।

दोपहिया वाहनों के लिए भी सुविधा

दो पहिया इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 3.3 किलोवाट क्षमता वाला चार्जर लगाया गया है। इसमें यूनिवर्सल सॉकेट की व्यवस्था है। वाहन के प्रकार और मॉडल के आधार पर इसे पूरी तरह चार्ज करने में लगभग डेढ़ घंटे तक का समय लग सकता है। यह सुविधा रोजाना आने-जाने वाले कर्मचारियों और अन्य उपयोगकर्ताओं के लिए उपयोगी साबित होगी।

स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन को मिलेगा बढ़ावा

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की इस पहल से मुख्यालय परिसर में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग ढांचे को मजबूती मिलेगी। साथ ही कर्मचारियों और आगंतुकों को पर्यावरण के अनुकूल परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

रेलवे की यह पहल स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन को बढ़ावा देने, जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने यह जानकारी दी।