निर्माण उद्योग में सुरक्षा विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित

अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में निर्माण उद्योग में सुरक्षा (सेफ्टी एट कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री) विषय पर एक विशेष ऑनलाइन व्याख्यान सत्र का आयोजन किया गया। शिप्रा हॉल में आयोजित इस सत्र में बीटेक और डिप्लोमा के मैकेनिकल, सिविल एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

सत्र के मुख्य वक्ता अदाणी सीमेंट के बिजनेस सेफ्टी हेड पंकज सिंह रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने व्यापक औद्योगिक अनुभव साझा करते हुए कार्यस्थल सुरक्षा, निर्माण स्थलों पर सुरक्षा प्रथाओं, व्यावसायिक खतरों, जोखिम प्रबंधन और निर्माण उद्योग में सुरक्षा मानकों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि औद्योगिक और निर्माण क्षेत्र में तकनीकी दक्षता के साथ-साथ सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करना प्रत्येक इंजीनियर की पेशेवर जिम्मेदारी है। व्याख्यान के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र भी हुआ, जिसमें विशेषज्ञ ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के डायरेक्टर डा. लव मित्तल व प्लेसमेंट अधिकारी डा. विपिन कुमार ने बताया कि इस प्रकार के एमओयू आधारित सत्रों का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावहारिक औद्योगिक ज्ञान प्रदान करना और उन्हें सुरक्षित कार्य संस्कृति के प्रति जागरूक बनाना है। समन्वय ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के कोऑर्डिनेटर राहुल शर्मा तथा सह-समन्वयक गौरव सिंह एवं अकीलुर रहमान रहे।