नवरात्रि मेले को लेकर विंध्याचल स्टेशन पर विशेष इंतजाम, बढ़ाई गई सुरक्षा और यात्री सुविधाएं

प्रयागराज। शारदीय नवरात्रि मेले के दौरान विंध्याचल आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने विंध्याचल स्टेशन पर विशेष तैयारियां की हैं। 11 से 26 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त संसाधन लगाए गए हैं।

यात्रियों को आसानी से टिकट उपलब्ध कराने के लिए स्टेशन पर तीन अनारक्षित टिकट काउंटर और एक पूछताछ केंद्र संचालित किया जाएगा। आरक्षित टिकट काउंटर दो पालियों में चलेगा। टिकट व्यवस्था के लिए आठ अतिरिक्त कर्मचारियों और टिकट जांच व यात्रियों की सहायता के लिए 20 अतिरिक्त जांच कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।

स्टेशन पर पहले से संचालित पांच खानपान स्टॉल के साथ पर्याप्त पेयजल प्वाइंट उपलब्ध रहेंगे। श्रद्धालुओं के लिए 15 पुरुष और 15 महिला अतिरिक्त शौचालय तथा अस्थायी यात्री शेड की व्यवस्था की गई है। स्टेशन के सर्कुलेटिंग क्षेत्र में खोया-पाया केंद्र भी बनाया जाएगा।

यात्रियों की स्वास्थ्य सुविधा के लिए सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा संगठन, भारत स्काउट एवं गाइड, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सा की व्यवस्था रहेगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस भी उपलब्ध रहेगी।

मेला अवधि में स्टेशन पर अतिरिक्त वाणिज्यिक कर्मचारियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, बस स्टैंड और मंदिर के आसपास रेलवे समय-सारिणी तथा आवश्यक सूचनाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। आवश्यकता के अनुसार ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव दिए जाने की व्यवस्था की गई है।