नवरात्र में मां वैष्णो देवी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, कटड़ा से भवन तक जयकारे

नवरात्र में मां वैष्णो देवी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, कटड़ा से भवन तक जयकारे

पहले दिन 47,500 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, शत चंडी महायज्ञ में शामिल हो रहे भक्त; सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

कटड़ा। शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। आधार शिविर कटड़ा से लेकर त्रिकूट पर्वत पर स्थित पवित्र भवन तक मां के जयकारे गूंज रहे हैं। देशभर से श्रद्धालु माता रानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। पंजीकरण केंद्रों, दर्शनी ड्योढ़ी, यात्रा मार्ग और भवन परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। नवरात्र के पहले दिन रविवार को करीब 47,500 श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में हाजिरी लगाई।

सोमवार को नवरात्र के दूसरे दिन मौसम साफ रहने और धूप खिलने से श्रद्धालुओं को यात्रा में राहत मिली। हालांकि, ठंडी हवाओं के बीच भक्त माता के भजन गाते और जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते रहे। भवन परिसर में आकर्षक सजावट और धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

भवन में शत चंडी महायज्ञ, भक्तिमय हुआ वातावरण

मां वैष्णो देवी के पवित्र भवन परिसर में आयोजित शत चंडी महायज्ञ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र बना हुआ है। पद्मश्री सम्मानित विद्वान प्रोफेसर डॉ. विश्वमूर्ति शास्त्री के सानिध्य में विद्वान पंडितों द्वारा हवन, यज्ञ और पूजा-अर्चना की जा रही है। मां के दर्शन के साथ श्रद्धालु महायज्ञ में भाग लेकर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त कर रहे हैं।

वहीं, अर्धकुंवारी मंदिर परिसर में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी है। यहां यज्ञशाला में पूजा-अर्चना की जा रही है, जबकि पवित्र गर्भजून गुफा के दर्शन के लिए भक्त कतारों में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की नजर

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा बल सतर्क हैं। कटड़ा और भवन परिसर में स्थापित एकीकृत नियंत्रण केंद्रों के माध्यम से यात्रा व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही है। प्रमुख यात्रा मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनी रहे।

भवन परिसर में लगातार उद्घोषणा के माध्यम से श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि दर्शन के बाद अनावश्यक रूप से वहां न रुकें और आधार शिविर कटड़ा की ओर लौटें। इससे भवन परिसर में भीड़ को नियंत्रित रखने में मदद मिल रही है।

हेलीकॉप्टर से बैटरी कार तक सुविधाएं उपलब्ध

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्राइन बोर्ड की ओर से हेलीकॉप्टर, रोपवे, बैटरी कार, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। भवन में मां के दर्शन करने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा भैरवनाथ के दर्शन के लिए भैरव घाटी भी पहुंच रहे हैं। इसके अलावा, श्राइन बोर्ड के भोजनालयों में व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए फलाहार की व्यवस्था की गई है।

सोमवार दोपहर तक 29 हजार श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण

नवरात्र के पहले दिन रविवार को करीब 47,500 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए। वहीं, सोमवार दोपहर 12 बजे तक लगभग 29,000 श्रद्धालु पंजीकरण कराने के बाद भवन की ओर रवाना हो चुके थे। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच श्राइन बोर्ड और संबंधित विभाग यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहे हैं।