धान खरीद में अनियमितताओं पर भाकियू (टिकैत) सख्त, राइस मिलों के स्टॉक की जांच की मांग

पीलीभीत।भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने जनपद में धान खरीद व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रशासन से सभी राइस मिलों के धान स्टॉक की निष्पक्ष जांच कराने तथा किसानों के शोषण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। संगठन की ओर से मंडी सचिव एवं सिटी मजिस्ट्रेट, पीलीभीत को ज्ञापन सौंपकर पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित करने की मांग उठाई गई है। ज्ञापन में मांग की गई कि जनपद की सभी संबंधित राइस मिलों में उपलब्ध धान के स्टॉक की जांच कराई जाए तथा सरकारी और निजी धान का विवरण स्पष्ट किया जाए। प्रत्येक राइस मिल को सरकारी खरीद के अंतर्गत आवंटित धान की जानकारी भी सार्वजनिक की जाए, ताकि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
किसानों की मेहनत पर डाका बर्दाश्त नहीं होगा: गुरदीप सिंह गोगी जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी ने कहा कि किसानों की मेहनत और उनकी फसल की कीमत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धान खरीद में यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और सम्मान दिलाना भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की प्राथमिकता है।सतविंदर सिंह कहलों जी मंडल अध्यक्ष उन्होंने प्रशासन से मांग की कि धान खरीद केंद्रों की व्यवस्था दुरुस्त की जाए और किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। किसानों का शोषण बंद हो, वरना आंदोलन होगा तेज: गुरजीत सिंह विर्क जिला मीडिया प्रभारी गुरजीत सिंह विर्क ने कहा कि किसानों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राइस मिलों के स्टॉक की पारदर्शी जांच कराना और किसानों की शिकायतों का निष्पक्ष निस्तारण करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि धर्मकांटे के नाम पर प्रति क्विंटल एक किलोग्राम की कथित कटौती, सीडी के नाम पर कटौती तथा मॉइस्चर मशीन के माध्यम से धान में नमी को लेकर किसानों को होने वाली परेशानी जैसे मामलों की जांच होनी चाहिए। यदि जांच में अनियमितताएं सामने आती हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। यदि प्रशासन ने समय रहते किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) किसानों के हक और सम्मान के लिए आंदोलन तेज करेगी। पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित करने की मांग संगठन ने मांग की कि पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर राइस मिलों के स्टॉक, खरीद अभिलेखों और किसानों से धान खरीदने की प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जांच में पारदर्शिता बरती जाए तथा जांच रिपोर्ट की एक प्रति संगठन को भी उपलब्ध कराई जाए। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि किसानों को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाना आवश्यक है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि मांगों पर कार्रवाई न होने की स्थिति में जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी के नेतृत्व में संबंधित अधिकारियों का अनिश्चितकालीन घेराव किया जाएगा। इस दौरान सतविंदर सिंह कहलों मंडल अध्यक्ष बरेली जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी, प्रदेश सचिव वेदप्रकाश शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी गुरजीत सिंह विर्क, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्यारेलाल वर्मा, वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान, मुन्ना गौतम, दसरथ ठाकुर, बीरपाल राजपूत, महेंद्र कुमार कनौजिया, अनिल सिंह चौहान, निर्मल भोजवाल, रूपलाल, नेमचंद वर्मा, नरेश मिश्रा, शेखावत, सतनाम सिंह, महेंद्र कुमार एवं ओमकार गंगवार सहित अन्य किसान साथी मौजूद रहे।