देवरिया के पूर्व सांसद लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि का निधन, जिले में शोक

देवरिया।

देवरिया के वर्तमान सांसद शशांक मणि ने बताया कि मेरे पूज्य पिताजी, देवरिया के पूर्व सांसद एवं देश के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी रहे लेफ्टिनेंट जनरल श्री प्रकाश मणि त्रिपाठी जी का आज प्रातः 11:15 बजे दिल्ली में निधन हो गया।

पिताजी का जाना मेरे लिए केवल एक पिता को खोना नहीं, बल्कि मेरे जीवन के उस व्यक्तित्व का चले जाना है, जो मेरे लिए सदैव मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और जीवन का सबसे मजबूत संबल रहे। उनका स्नेह, अनुशासन, राष्ट्र के प्रति समर्पण और जनसेवा की भावना मेरे जीवन की अमूल्य धरोहर है। एक पुत्र के रूप में आज शब्द साथ नहीं दे रहे हैं, लेकिन उनके दिए संस्कार और आदर्श जीवनभर मेरा मार्गदर्शन करते रहेंगे।

पिताजी का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति समर्पण को समर्पित रहा। देवरिया की जनता से उनका आत्मीय संबंध और लोगों के बीच उनकी सरलता एवं लोकप्रियता सदैव स्मरणीय रहेगी। वे आज हमारे बीच भले ही शारीरिक रूप से नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, संस्कार और सेवा की विरासत सदैव जीवित रहेगी।

ईश्वर मेरे पूज्य पिताजी की पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और हम सभी परिजनों, प्रियजनों एवं उनके असंख्य शुभचिंतकों को इस अपार एवं असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

पिताजी, आपका आशीर्वाद और आपकी स्मृतियां जीवन की अंतिम साँस तक मेरे साथ रहेंगी।

ॐ शांति।
विनम्र श्रद्धांजलि।

(उनके पुण्य पार्थिव शरीर के देवरिया आने की सूचना आप सभी को जल्द ही प्रसारित की जाएगी।)