दीपावली तक पेंशन का ऐलान करे सरकार, वरना दिसंबर में आमरण अनशन: प्रभात त्रिपाठी की हुंकार

वरिष्ठ पत्रकारों की पेंशन पर जल्द निर्णय ले सरकार: प्रभात त्रिपाठी

दीपावली तक घोषणा नहीं हुई तो दिसंबर में आमरण अनशन की तैयारी, पुनर्गठित समिति में सभी पत्रकारों का स्वागत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) के संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने प्रदेश सरकार से वरिष्ठ पत्रकारों की पेंशन की मांग पर जल्द निर्णय लेने की अपील की है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह किया कि दशकों तक पत्रकारिता के माध्यम से समाज और लोकतंत्र की सेवा करने वाले वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मानजनक जीवन के लिए पेंशन की घोषणा जल्द की जाए।

प्रभात त्रिपाठी ने कहा कि वरिष्ठ पत्रकारों की पेंशन का मुद्दा लंबे समय से लंबित है। पत्रकार अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा समाज को सच्चाई से रूबरू कराने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में लगा देते हैं। ऐसे में उम्र के उस पड़ाव पर, जब उनकी नियमित आय के साधन सीमित हो जाते हैं, सरकार की ओर से पेंशन की व्यवस्था उनके लिए बड़ी राहत साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह किसी एक पत्रकार या संगठन का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के पत्रकारों से जुड़ा विषय है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दीपावली तक वरिष्ठ पत्रकारों की पेंशन की घोषणा नहीं होती है, तो दिसंबर में आमरण अनशन करने का निर्णय लिया जा सकता है। अनशन की तारीख और स्थान के संबंध में समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता आंदोलन करना नहीं, बल्कि सरकार से सकारात्मक निर्णय प्राप्त करना है। यदि समय रहते घोषणा हो जाती है, तो आमरण अनशन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

पत्रकारों से एकजुट होने की अपील

समिति की एकजुटता पर जोर देते हुए प्रभात त्रिपाठी ने कहा कि उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) की स्थापना का उद्देश्य पत्रकारों के हितों की रक्षा करना और सभी साथियों को एक मंच पर लाना है। विचारधाराओं में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन इन मतभेदों को मनभेद में नहीं बदलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जो साथी किसी कारणवश समिति से अलग हो गए थे या पिछले दो वर्षों में सहयोग नहीं कर पाए, उनका भी समिति में स्वागत है। पत्रकारों के हितों के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए, क्योंकि सामूहिक एकजुटता से ही मांगों को मजबूती मिलती है।

प्रभात त्रिपाठी ने समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और प्रदेश के पत्रकारों का पिछले दो वर्षों में मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पत्रकारों की पेंशन की मांग पूरी होने तक उनका प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने सभी पत्रकारों से एकजुट होकर इस अभियान को मजबूत बनाने की अपील की। आज विधान सभा मीडिया सेन्टर में संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने समिति के संयुक्त सचिव राजू यादव और समिति के काय॔कारिणी सदस्य विवेक शुक्ला को निवा॔चित प्रमाण पत्र भी वितरण किया। गत दिनो आयोजित किये गये काय॔कम में यह दोनो पदाधिकारी शहर से वाहर होने के कारण अपना प्रमाण पत्र नहीं ले सके थे। आज की अनौपचारिक बैठकर में अध्यक्ष विक्रम सिंह राव धनंजय सिंह सहित दोनो पदाथिकारी संयुक्त सचिव राजू यादव और सदस्य विवेक शुक्ला मौजूद रहे।