दीपावली और छठ पर रेलवे की बड़ी तैयारी, दिल्ली-बिहार समेत कई रूटों पर चलेंगी त्योहार स्पेशल ट्रेनें

दीपावली और छठ पर रेलवे की बड़ी तैयारी, दिल्ली-बिहार समेत कई रूटों पर चलेंगी त्योहार स्पेशल ट्रेनें

दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई प्रमुख रूटों पर विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। यात्रियों की सुविधा के लिए मालदा टाउन, मुंबई, दिल्ली, दरभंगा, गया, पटना, आनंद विहार और धनबाद सहित विभिन्न शहरों के बीच त्योहार विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों के संचालन से उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार गाड़ी संख्या 03439/03440 मालदा टाउन-शकूरबस्ती-मालदा टाउन विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में एक-एक फेरा लगाएगी। मालदा टाउन से यह ट्रेन 10 नवंबर को सुबह 10 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 5 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। वापसी में शकूरबस्ती से 11 नवंबर को शाम 6:50 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 1:45 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 01081/01082 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-मुजफ्फरपुर विशेष ट्रेन 6 और 10 नवंबर को मुंबई से तथा 7 और 11 नवंबर को मुजफ्फरपुर से संचालित होगी। इस ट्रेन का ठहराव प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना और पाटलिपुत्र सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा।

गाड़ी संख्या 04078/04077 दिल्ली-दरभंगा आरक्षित विशेष एक्सप्रेस भी चलाई जाएगी। दिल्ली से यह ट्रेन 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 6 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में दरभंगा से 11 नवंबर को रात 9 बजे प्रस्थान करेगी। रास्ते में गाजियाबाद, टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, पटना और समस्तीपुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव होगा।

इसके अलावा गया-नई दिल्ली के बीच गाड़ी संख्या 03697/03698 विशेष ट्रेन 7 से 28 नवंबर तक तथा वापसी में 8 से 29 नवंबर तक निर्धारित दिनों में संचालित होगी। गया से यह ट्रेन दोपहर 2:15 बजे और नई दिल्ली से दोपहर 1:40 बजे रवाना होगी। प्रयागराज, गोविंदपुरी और टूंडला इसके प्रमुख ठहराव होंगे।

पटना-आनंद विहार टर्मिनल के बीच गाड़ी संख्या 03293/03294 सुपरफास्ट विशेष ट्रेन 5 से 21 नवंबर तक पटना से प्रतिदिन और 6 से 22 नवंबर तक आनंद विहार से प्रतिदिन चलेगी। पटना से ट्रेन रात 9 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में आनंद विहार से दोपहर 2:15 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12:25 बजे पटना पहुंचेगी।

वहीं धनबाद-दिल्ली-धनबाद के बीच गाड़ी संख्या 03309/03310 के अतिरिक्त फेरे भी चलाए जाएंगे। धनबाद से यह ट्रेन 7 से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और दिल्ली से 8 से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को संचालित होगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेनों के समय, ठहराव और उपलब्धता की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 139 अथवा एनटीईएस ऐप से प्राप्त करें, ताकि त्योहारों के दौरान यात्रा की बेहतर योजना बनाई जा सके।