दिवाली पर पूरी रात अलर्ट रहा अग्निशमन विभाग, तीन दिन की मुस्तैदी से नहीं हुआ कोई हादसा

मुरादाबाद। दिवाली के पावन पर्व पर मुरादाबाद का अग्निशमन विभाग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिलाधिकारी अनुनय झा और एसएसपी सतपाल अंतिल के आदेशों के अनुपालन में मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम ने लगातार 3 दिन और रातभर अलर्ट रहकर अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई।

सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय और अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने आतिशबाजी बाजार सहित संवेदनशील क्षेत्रों में देर रात तक निरीक्षण किया। अग्निशमन कर्मियों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात रखा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया जा सके।

अधिकारियों की सतर्क निगरानी और अग्निशमन कर्मियों की मुस्तैदी का ही परिणाम रहा कि दिवाली के तीन दिनों में आग लगने की कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई। त्योहार के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिन-रात अपनी ड्यूटी निभाई।

दिवाली पर अग्निशमन विभाग की यह सक्रियता, जिम्मेदारी और समर्पण सराहनीय रहा। अपनी मुस्तैदी से विभाग ने साबित किया कि जनता की सुरक्षा के लिए अग्निशमन कर्मी हर समय तैयार हैं।