दशहरा-दीपावली से पूर्व रायबरेली को बड़ी सौगात, AIIMS में 100 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए ₹5.52 करोड़ से अधिक जारी

सदर विधायक अदिति सिंह के प्रयासों से स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

रायबरेली।दशहरा और दीपावली से पूर्व रायबरेली की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है।अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), रायबरेली में 100 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) के विकास एवं निर्माण कार्य के लिए ₹5 करोड़ 52 लाख से अधिक की धनराशि जारी की गई है।इस संबंध में सदर विधायक अदिति सिंह ने बताया कि कुछ समय पूर्व माननीय केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा जी से इस परियोजना को लेकर विस्तृत चर्चा हुई थी।इसके बाद परियोजना के लिए धनराशि जारी होना रायबरेली में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति है।विधायक अदिति सिंह ने कहा कि 100 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण से गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे रायबरेली सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।गंभीर अवस्था में मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ऐसी इकाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।उन्होंने कहा कि रायबरेली के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है।जनता के विश्वास और सहयोग के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।सदर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि रायबरेली की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जनसेवा के संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है। AIIMS रायबरेली में क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण जनपद की चिकित्सा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में उपयोगी साबित होगा।