दक्षिण भारत दर्शन यात्रा के लिए बुकिंग के अंतिम 2 दिन शेष, सिर्फ थर्ड एसी स्टैंडर्ड श्रेणी में सीटें उपलब्ध

दक्षिण भारत दर्शन यात्रा के लिए बुकिंग के अंतिम 2 दिन शेष, सिर्फ थर्ड एसी स्टैंडर्ड श्रेणी में सीटें उपलब्ध

सीकर से 21 अक्टूबर को रवाना होगी भारत गौरव ट्रेन, 12 दिन में तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम, मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के होंगे दर्शन

जयपुर। दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। भारतीय रेलवे के उपक्रम भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की ओर से 21 अक्टूबर 2026 को सीकर जंक्शन से दक्षिण भारत दर्शन यात्रा ट्रेन रवाना की जाएगी। यात्रा के लिए बुकिंग के अंतिम 2 दिन शेष हैं। यात्रियों की मांग के चलते द्वितीय वातानुकूलित और शयनयान श्रेणी की सीटें पूरी तरह बुक हो चुकी हैं। अब केवल तृतीय वातानुकूलित स्टैंडर्ड श्रेणी में सीटें उपलब्ध हैं।

आईआरसीटीसी जयपुर के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश सैनी के अनुसार, 12 दिवसीय यह यात्रा सीकर से शुरू होकर जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ होते हुए दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम के रामनाथस्वामी मंदिर, मदुरई के मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अवसर मिलेगा।

भारत गौरव ट्रेन में मिलेंगी कई सुविधाएं

भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन में वातानुकूलित कोच, आधुनिक रसोई यान और जैव शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यात्रियों के बजट और जरूरत के अनुसार पैकेज को अलग-अलग श्रेणियों में रखा गया है। यात्रा पैकेज में कन्फर्म बर्थ, होटल में ठहरने, नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन, स्थानीय परिवहन, मंदिर दर्शन तथा यात्रा बीमा की सुविधा शामिल है।

इस दिन होंगे प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन

यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन 21 अक्टूबर को सीकर से रवाना होकर 23 अक्टूबर को रेणिगुंटा पहुंचेगी। 24 अक्टूबर को यात्रियों को तिरुपति बालाजी के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद 25 अक्टूबर को ट्रेन रामेश्वरम के लिए रवाना होगी और 26 अक्टूबर को वहां पहुंचने पर श्रद्धालु रामनाथस्वामी मंदिर के दर्शन करेंगे।

27 अक्टूबर को ट्रेन मदुरई के लिए रवाना होगी, जहां मीनाक्षी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। 28 अक्टूबर को यात्री कन्याकुमारी पहुंचेंगे और वहां भ्रमण करेंगे। इसके बाद यात्रा मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए आगे बढ़ेगी। 30 अक्टूबर को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मल्लिकार्जुन पहुंचकर दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद वापसी यात्रा शुरू होगी और 1 नवंबर 2026 को सीकर जंक्शन पर यात्रा समाप्त होगी।

37,810 रुपये प्रति व्यक्ति है पैकेज का किराया

आईआरसीटीसी के अनुसार, वर्तमान में उपलब्ध तृतीय वातानुकूलित स्टैंडर्ड श्रेणी के पैकेज का मूल्य 37,810 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। इसमें तृतीय वातानुकूलित रेल यात्रा, गैर-वातानुकूलित आवास और गैर-वातानुकूलित बसों से स्थानीय परिवहन की सुविधा शामिल है।

सरकारी और सार्वजनिक उपक्रमों के पात्र कर्मचारी भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार इस यात्रा पर अवकाश यात्रा रियायत (एलटीसी) का लाभ भी उठा सकते हैं।