त्योहारों में यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की बड़ी पहल, 864 फेरों के साथ 31 विशेष ट्रेनें संचालित

त्योहारों में यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की बड़ी पहल, 864 फेरों के साथ 31 विशेष ट्रेनें संचालित

स्टेशनों पर पेयजल, होल्डिंग एरिया और अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था

हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी के बीच नवंबर में दो अतिरिक्त फेरे लगाएगी विशेष ट्रेन

बिहार और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को मिलेगी सीधी रेल सुविधा

गुवाहाटी। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। रेलवे की ओर से कुल 864 फेरों के साथ 31 विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को मजबूत करते हुए अतिरिक्त कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की तैनाती की गई है।

रेलवे प्रशासन ने प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को उचित मार्गदर्शन देने और सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ने-उतरने में सहायता के लिए वाणिज्यिक विभाग के कर्मचारियों को तैनात किया है। प्रमुख स्टेशनों पर पेयजल, स्वच्छ यात्री क्षेत्र और विशेष होल्डिंग एरिया की व्यवस्था भी की गई है, जिससे यात्रियों को प्रतीक्षा के दौरान परेशानी न हो।

इसी क्रम में ट्रेन संख्या 03027/03028 हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी-हावड़ा विशेष ट्रेन नवंबर 2026 के उत्तरार्ध में दो-दो अतिरिक्त फेरे लगाएगी। ट्रेन संख्या 03027 हावड़ा से 18 और 25 नवंबर को रात 23:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:45 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 03028 न्यू जलपाईगुड़ी से 19 और 26 नवंबर को दोपहर 12:45 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 00:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी।

22 कोच वाली यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में बैण्डेल, नवद्वीप धाम, कटवा, अजीमगंज, जंगीपुर रोड, मालदा टाउन, बारसोई, किशनगंज और अलुआबाड़ी रोड स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इससे पश्चिम बंगाल के साथ बिहार के बारसोई और किशनगंज के यात्रियों को भी सीधी रेल यात्रा की सुविधा मिलेगी।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ का प्रभावी प्रबंधन करने और उन्हें बेहतर यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रेलवे लगातार प्रयास कर रहा है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारणी और ठहराव की जानकारी आईआरसीटीसी की वेबसाइट या रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य प्राप्त कर लें।