त्योहारों पर रेल यात्रियों को बड़ी राहत, चार विशेष ट्रेनों का संचालन

त्योहारों पर रेल यात्रियों को बड़ी राहत, चार विशेष ट्रेनों का संचालन

छपरा-आनंद विहार, मऊ-अंबाला, जोधपुर-मऊ और वडोदरा-गोरखपुर के बीच चलेंगी पूजा व त्योहार विशेष ट्रेनें

गोरखपुर। दशहरा, दीपावली और छठ सहित आगामी पर्वों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेल प्रशासन ने अलग-अलग रेल मार्गों पर चार जोड़ी साप्ताहिक त्योहार एवं पूजा विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों से उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

छपरा-आनंद विहार के बीच चलेगी विशेष ट्रेन

05085/05086 छपरा-आनंद विहार टर्मिनल-छपरा साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा। छपरा से यह ट्रेन 6 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी, जबकि आनंद विहार टर्मिनल से 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। इस ट्रेन के कुल 8 फेरे होंगे।

छपरा से चलकर यह ट्रेन मशरख, दिघवा दुबौली, थावे, पडरौना, रामकोला, कप्तानगंज, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद होते हुए आनंद विहार पहुंचेगी।

वापसी में आनंद विहार से चलकर ट्रेन गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, कप्तानगंज, पडरौना, थावे, दिघवा दुबौली और मशरख होते हुए छपरा पहुंचेगी।

मऊ-अंबाला के बीच भी विशेष ट्रेन

05301/05302 मऊ-अंबाला कैंट-मऊ साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन के 9 फेरे होंगे। मऊ से यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और अंबाला कैंट से 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी।

यह ट्रेन मऊ से चलकर बेलथरा रोड, भटनी, देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर, गोंडा, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद, दिल्ली, सोनीपत और पानीपत होते हुए अंबाला कैंट पहुंचेगी।

वापसी में अंबाला कैंट से चलकर पानीपत, सोनीपत, दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर होते हुए मऊ पहुंचेगी।

जोधपुर-मऊ के बीच 9 फेरे

यात्रियों की सुविधा के लिए 04823/04824 जोधपुर-मऊ-जोधपुर साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन भी संचालित होगी। जोधपुर से यह ट्रेन 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार तथा मऊ से 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। इसके 9 फेरे निर्धारित किए गए हैं।

यह ट्रेन जोधपुर, पीपाड़ रोड, गोटन, मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, मथुरा, कासगंज, फर्रुखाबाद, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम, शाहगंज और आजमगढ़ सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर मऊ पहुंचेगी।

वडोदरा-गोरखपुर के बीच पूजा विशेष ट्रेन

दशहरा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए 09111/09112 वडोदरा-गोरखपुर-वडोदरा साप्ताहिक पूजा विशेष ट्रेन भी चलाई जाएगी। वडोदरा से यह ट्रेन 5 अक्टूबर से 23 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार तथा गोरखपुर से 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। इसके 8 फेरे होंगे।

वडोदरा से चलकर ट्रेन गोधरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, आगरा, टूंडला, शिकोहाबाद, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, बाराबंकी, गोंडा और बस्ती होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी।

22 कोच की होगी ट्रेन

वडोदरा-गोरखपुर विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इसमें जनरेटर सह लगेज यान, एलएसएलआरडी, साधारण द्वितीय श्रेणी, वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय श्रेणी, वातानुकूलित द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी, शयनयान और पेंट्रीकार शामिल होंगे।

अन्य विशेष ट्रेनों में भी यात्रियों की सुविधा के अनुसार वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।

त्योहारों में यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से इन विशेष ट्रेनों के संचालन से त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे और नियमित ट्रेनों पर बढ़ने वाले यात्री दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। खासतौर पर मुरादाबाद, गोरखपुर, बरेली, गोंडा, अयोध्या, कानपुर, दिल्ली और अन्य प्रमुख स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को इन सेवाओं का लाभ मिलेगा।

रेल प्रशासन का यह कदम त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

सुमित कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे