त्योहारों पर यात्रियों को बड़ी राहत, कई विशेष ट्रेनों के फेरे बढ़ाए; कानपुर-गुवाहाटी स्पेशल भी दिसंबर तक चलेगी

कानपुर। आगामी पूजा और शीतकालीन अवकाश के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने कई विशेष ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। पश्चिम रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे द्वारा संचालित इन विशेष ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे सितंबर से दिसंबर 2026 तक चलाए जाएंगे। हालांकि, कुछ ट्रेनों के फेरों में परिचालन और निर्माण कार्यों के चलते बदलाव भी किया गया है।

मुंबई-कानपुर अनवरगंज स्पेशल के 13 अतिरिक्त फेरे

ट्रेन संख्या 09185/09186 मुंबई सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज-मुंबई सेंट्रल विशेष के अतिरिक्त फेरे सितंबर, अक्टूबर और नवंबर में चलेंगे। मुंबई सेंट्रल से यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को तथा कानपुर अनवरगंज से प्रत्येक सोमवार को संचालित होगी। इससे मुंबई और कानपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

मुंबई-कटिहार स्पेशल में भी बढ़े फेरे

ट्रेन संख्या 09189/09190 मुंबई सेंट्रल-कटिहार-मुंबई सेंट्रल विशेष के भी अतिरिक्त फेरे सितंबर से नवंबर तक चलाए जाएंगे। हालांकि, लखनऊ स्टेशन पर आरएलडीए के कार्य के कारण यह ट्रेन दोनों दिशाओं में लखनऊ स्टेशन नहीं जाएगी। इसके स्थान पर ट्रेन मानक नगर-ऐशबाग-मल्हौर मार्ग से संचालित होगी।

मुंबई से जाने वाली ट्रेन ऐशबाग में दोपहर 1:20 बजे पहुंचेगी और 1:28 बजे रवाना होगी, जबकि कटिहार से आने वाली ट्रेन ऐशबाग में शाम 4:20 बजे पहुंचेगी और 4:28 बजे रवाना होगी।

वहीं, अगसौद यार्ड में तीसरी लाइन से संबंधित कार्य के कारण इस ट्रेन के चार-चार फेरे दोनों दिशाओं में निरस्त रहेंगे।

सूरत-छपरा और उधना-मालदा स्पेशल के भी अतिरिक्त फेरे

ट्रेन संख्या 09065/09066 सूरत-छपरा-सूरत विशेष के अतिरिक्त फेरे अक्टूबर और नवंबर में चलेंगे। इसी तरह 09033/09034 उधना-मालदा टाउन-उधना विशेष के अतिरिक्त फेरे सितंबर से नवंबर तक संचालित किए जाएंगे।

हालांकि, अगसौद स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग और झांसी मंडल में कार्यों के कारण सूरत-छपरा स्पेशल के कुछ फेरे तथा उधना-मालदा टाउन स्पेशल के कुछ फेरे रद्द भी किए गए हैं।

प्रतापनगर-मऊ स्पेशल भी नवंबर तक चलेगी

ट्रेन संख्या 09195/09196 प्रतापनगर-मऊ-प्रतापनगर विशेष के संचालन में भी विस्तार किया गया है। प्रतापनगर से यह ट्रेन अक्टूबर और नवंबर में प्रत्येक शनिवार तथा मऊ से प्रत्येक रविवार को अतिरिक्त फेरों के साथ चलेगी।

कानपुर-गुवाहाटी स्पेशल के 14 अतिरिक्त फेरे

यात्रियों की सुविधा के लिए 04127/04128 कानपुर सेंट्रल-गुवाहाटी-कानपुर सेंट्रल विशेष ट्रेन के संचालन की अवधि भी बढ़ाई गई है। कानपुर सेंट्रल से गुवाहाटी जाने वाली ट्रेन 10 सितंबर से 10 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी, जबकि गुवाहाटी से कानपुर सेंट्रल जाने वाली ट्रेन 11 सितंबर से 11 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी। दोनों दिशाओं में 14-14 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे।

इस ट्रेन में कुल 19 कोच होंगे, जिनमें दो एसएलआर/डी, पांच सामान्य श्रेणी, नौ शयनयान, दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल है।

रेल प्रशासन के इस निर्णय से त्योहारों और शीतकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवाएं उपलब्ध होंगी और नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।