डेढ़ किलोमीटर सड़क अधूरी, जगह-जगह उखड़ी गिट्टियां और जल निगम की पाइपलाइन के नाम पर खोदाई से ग्रामीण परेशान; जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार

सड़क निर्माण में खेल या सरकारी धन की खानापूर्ति? कहीं 3.75 मीटर चौड़ी सड़क, कहीं समेट दी गई तीन मीटर में!

डेढ़ किलोमीटर सड़क अधूरी, जगह-जगह उखड़ी गिट्टियां और जल निगम की पाइपलाइन के नाम पर खोदाई से ग्रामीण परेशान; जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार

#Hardoi 

गांव की सड़कें विकास की पहचान होती हैं, लेकिन जब सड़क बनाने के नाम पर ही चौड़ाई घटने लगे और निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी के आरोप लगें तो सवाल उठना लाजिमी है।

मामला कोथावां-अतरौली मार्ग से लोधखेड़ा डामर रोड का है। ग्राम पंचायत कल्याणखेड़ा के ग्राम लोधखेड़ा निवासी एक ग्रामीण ने जिलाधिकारी हरदोई को प्रार्थना पत्र देकर सड़क के चौड़ीकरण और अधूरे निर्माण कार्य को पूरा कराने की मांग उठाई है।

प्रार्थना पत्र के मुताबिक वर्ष 2007-08 में मंडी परिषद द्वारा इस सड़क का निर्माण 3.75 मीटर चौड़ाई में कराया गया था। आरोप है कि अब सिंचाई विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत कराई जा रही है, लेकिन सड़क की चौड़ाई महज तीन मीटर रखी जा रही है। इतना ही नहीं, करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क लोधखेड़ा गांव तक अधूरी छोड़ दी गई है, जबकि मौजूदा सड़क भी जगह-जगह से उखड़कर बदहाल हो चुकी है।

ग्रामीण ने जल निगम की पाइपलाइन को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि पाइप डालने के लिए सड़क की खुदाई की गई और सड़क के बीच से निकले पत्थरों को किनारे डाल दिया गया। करीब ढाई किलोमीटर हिस्से में दो ट्रॉली सामग्री डालकर कहीं-कहीं खानापूर्ति किए जाने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीण का कहना है कि सड़क निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं कराया जा रहा है। 

प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब जेई से फोन पर सड़क की चौड़ाई को लेकर बात की गई तो बजट आने पर चौड़ीकरण कराने की बात कही गई। वहीं ठेकेदार की ओर से कथित तौर पर बताया गया कि एक किलोमीटर हिस्से में 3.75 मीटर चौड़ाई रहेगी, जबकि बाकी हिस्से में सड़क तीन मीटर ही बनाई जाएगी।

अब सवाल यह है कि जिस सड़क का निर्माण पहले 3.75 मीटर चौड़ाई में हुआ था, उसकी मरम्मत के नाम पर चौड़ाई कम क्यों की जा रही है? गांव तक सड़क अधूरी क्यों छोड़ी जा रही है? और निर्माण कार्य में गुणवत्ता की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? ग्रामीण ने 20 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मांग की है कि सड़क को पूर्व की तरह 3.75 मीटर चौड़ाई में बनवाया जाए तथा लोधखेड़ा गांव तक छूटे हुए हिस्से का भी निर्माण कराया जाए।

अब देखना यह होगा कि जिलाधिकारी महोदय इस शिकायत को संज्ञान में लेकर सड़क की तकनीकी जांच और स्थलीय निरीक्षण कराते हैं या फिर गांव की जनता टूटी सड़क पर ही धूल फांकने को मजबूर रहेगी।

 

#MYogiAdityanath #DMHardoi