जोधपुर में वंदे भारत स्लीपर डिपो के दूसरे चरण का काम शुरू, 195 करोड़ से बनेगा हाईटेक अनुरक्षण केंद्र

जोधपुर। भगत की कोठी में देश के पहले वंदे भारत स्लीपर मेंटेनेंस डिपो को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में दूसरे चरण का काम शुरू हो गया है। करीब 195 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस विस्तार को लगभग दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि दूसरे चरण में इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र विकसित किया जाएगा। यहां वंदे भारत और हाई स्पीड ट्रेनों की आधुनिक मशीनरी एवं तकनीकी प्रणालियों के अनुरक्षण का विशेषज्ञ प्रशिक्षण दिया जाएगा।

परियोजना के तहत निरीक्षण बे लाइन पर कवर्ड शेड के साथ बड़ा वर्कशॉप क्षेत्र विकसित किया जाएगा। साथ ही ओएचई सुविधा से युक्त पिट लाइन और पिट व्हील अनुरक्षण की क्षमता बढ़ाई जाएगी। सर्विस बिल्डिंग सहित अनुरक्षण से जुड़ी अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं भी विकसित होंगी।

दूसरे चरण का काम पूरा होने के बाद भगत की कोठी डिपो में वर्कशॉप, पिट लाइन, कवर्ड शेड और प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के अनुरक्षण की तकनीकी क्षमता मजबूत होगी और कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण भी एक ही परिसर में मिल सकेगा।