जम्मू मंडल में अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली सत्यनिष्ठा की शपथ

जम्मू मंडल में अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली सत्यनिष्ठा की शपथ

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत भ्रष्टाचार मुक्त कार्यप्रणाली और पारदर्शिता अपनाने का लिया संकल्प

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने मंडल कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।

यह जागरूकता सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक 'सत्यनिष्ठा से समृद्धि' थीम के अंतर्गत मनाया जा रहा है। शपथ के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग रहने, अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता से करने तथा कार्यस्थल पर पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने का संकल्प लिया।

अभियान के तहत जम्मू मंडल में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने और नैतिक आचरण को मजबूत करने के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रशिक्षण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार और वरिष्ठ मंडल अभियंता शुभम पवार ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दैनिक कार्यों में ईमानदारी और पारदर्शिता को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में रेलवे कर्मचारियों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।