जम्मू मंडल की बड़ी उपलब्धि, रेलवे पुल को मिली नई मजबूती, यात्रियों का सफर होगा पहले से ज्यादा सुरक्षित

जम्मू मंडल की बड़ी उपलब्धि, रेलवे पुल को मिली नई मजबूती, यात्रियों का सफर होगा पहले से ज्यादा सुरक्षित

पुल संख्या 196 पर 108 नए एच-बीम स्लीपर लगाए, 130 सीमेंट स्लीपर भी बदले, आधुनिक तकनीक से रेलवे ने बढ़ाई पुल की मजबूती

जम्मू। रेल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर रेल परिचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में एक और शानदार उपलब्धि हासिल की है। विजयपुर जम्मू और बड़ी ब्राह्मणा रेलखंड के बीच स्थित रेलवे पुल संख्या 196 की डाउन लाइन पर व्यापक मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस महत्वपूर्ण कार्य से पुल की मजबूती बढ़ने के साथ रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।

वरिष्ठ मंडल अभियंता जम्मू शुभम पवार की देखरेख में रेलवे इंजीनियरिंग टीम ने पूरी तत्परता और आधुनिक तकनीक के साथ इस कार्य को अंजाम दिया। मरम्मत के दौरान पुल पर लगे पुराने स्लीपरों को हटाकर 108 नए और मजबूत एच-बीम स्लीपर लगाए गए। यह कार्य पुल की संरचनात्मक मजबूती और पटरियों की बेहतर स्थिरता सुनिश्चित करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।

रेलवे ने केवल स्लीपर बदलने तक ही कार्य सीमित नहीं रखा, बल्कि पुल के संपूर्ण रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया। पुल के लोहे के गर्डर की अच्छी तरह सफाई कर जंग से बचाव के लिए विशेष पेंट किया गया। पटरियों को मजबूती से पकड़ने के लिए आधुनिक क्लिप लगाए गए। वहीं, रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल पर फिसलन रहित एंटी-स्किड लोहे की चादरें भी बिछाई गईं।

इसके अतिरिक्त पुल के दोनों सिरों पर रेल पटरियों को और मजबूत बनाने के लिए 130 पुराने सीमेंट स्लीपरों को हटाकर नए और चौड़े स्लीपर लगाए गए। पटरियों के नीचे गिट्टी बिछाकर उन्हें बेहतर तरीके से व्यवस्थित किया गया। इस पूरी प्रक्रिया में तकनीकी गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया।

जम्मू मंडल की यह पहल रेलवे के उस संकल्प को दर्शाती है, जिसमें यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और भरोसेमंद रेल यात्रा उपलब्ध कराना सर्वोपरि है। पुलों और रेल पटरियों के लगातार रखरखाव तथा आधुनिकीकरण से न केवल रेल ढांचे की उम्र और मजबूती बढ़ती है, बल्कि भविष्य में बेहतर रेल परिचालन का रास्ता भी तैयार होता है।

उत्तर रेलवे का जम्मू मंडल यात्रियों की सुरक्षा को केंद्र में रखकर लगातार आधारभूत सुविधाओं को मजबूत कर रहा है। पुल संख्या 196 का सफल नवीनीकरण इसी प्रतिबद्धता और रेलवे इंजीनियरिंग टीम की कार्यकुशलता का शानदार उदाहरण है।