गोवर्धन परिक्रमा से लौट रहे श्रद्धालु का 60 हजार का मंगलसूत्र समेत बैग स्टेशन पर छूटा, जीआरपी ने लौटाया

कासगंज। गोवर्धन परिक्रमा कर पत्नी के साथ घर लौट रहे श्रद्धालु का सामान अधिक होने के कारण कासगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या चार पर बैग छूट गया। बैग में करीब 60 हजार रुपये कीमत का मंगलसूत्र और अन्य सामान था। सूचना मिलते ही जीआरपी कासगंज ने तलाश शुरू की और बैग को सुरक्षित बरामद कर यात्री के सुपुर्द कर दिया।

पीलीभीत जिले के थाना माधौटांडा क्षेत्र के कली नगर निवासी राजपाल अपनी पत्नी अनीता देवी के साथ मथुरा से गोवर्धन परिक्रमा कर घर लौट रहे थे। 20 सितंबर की सुबह करीब 5:31 बजे कासगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 15312 ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस में सवार होते समय अधिक सामान होने के कारण उनका एक महरूम रंग का बैग प्लेटफार्म संख्या चार पर छूट गया।

ट्रेन में सवार होने के बाद राजपाल को बैग छूटने की जानकारी हुई। उन्होंने डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना जीआरपी कासगंज के प्रभारी कोमल कुंतल ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को बैग की तत्काल तलाश करने के निर्देश दिए।

जीआरपी टीम ने प्लेटफार्म संख्या चार पर तलाश कर बैग बरामद कर लिया। जांच में बैग के अंदर पत्नी का मंगलसूत्र, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई, समेत पूरा सामान सुरक्षित मिला। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद जीआरपी ने बैग राजपाल के सुपुर्द कर दिया।

सामान वापस मिलने पर राजपाल और उनकी पत्नी ने राहत की सांस ली और जीआरपी की त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस की सराहना की।

बैग बरामद करने वाली टीम में थाना प्रभारी कोमल कुंतल, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार और हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार शामिल रहे।