गांधीधाम से पंजाब-हरियाणा तक लकड़ी और वापसी में चावल की होगी ढुलाई, रेलवे ने तैयार किया दोतरफा माल परिवहन का प्रस्ताव

चंडीगढ़। भारतीय रेलवे माल ढुलाई को अधिक किफायती और प्रभावी बनाने के लिए लगातार नई पहल कर रहा है। इसी क्रम में उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल ने चंडीगढ़ में आयोजित ट्रेड मीट 2026 में गांधीधाम और उत्तर हरियाणा-पंजाब के बीच दोतरफा माल ढुलाई सर्किट विकसित करने का प्रस्ताव रखा। इस व्यवस्था से दोनों दिशाओं में मालगाड़ियों का उपयोग सुनिश्चित होगा और रेलवे के राजस्व में बढ़ोतरी के नए अवसर मिलेंगे।

20 नवंबर को सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन (सीडब्ल्यूसी) की ओर से आयोजित ट्रेड मीट में मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने इस योजना की जानकारी दी। प्रस्ताव के अनुसार गांधीधाम से उत्तर हरियाणा और पंजाब तक लकड़ी भेजी जाएगी, जबकि वापसी में पंजाब और उत्तर हरियाणा से गांधीधाम तक चावल की ढुलाई होगी। इससे मालगाड़ियों के खाली लौटने की समस्या कम होगी और माल डिब्बों का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकेगा।

मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने बताया कि रेल परिवहन सड़क मार्ग की तुलना में कम लागत, बेहतर सुरक्षा और अधिक क्षमता वाला विकल्प है। एक मालगाड़ी लगभग 55 से 60 ट्रकों के बराबर माल ले जाने में सक्षम है। इससे सड़क पर वाहनों का दबाव घटने के साथ डीजल की खपत और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी।

उन्होंने बताया कि लुधियाना ड्राई पोर्ट क्षेत्र में अडानी लॉजिस्टिक्स, हिंद टर्मिनल, प्रिस्टीन लॉजिस्टिक्स और पंजाब लॉजिस्टिक्स सहित 4 निजी माल ढुलाई टर्मिनल उपलब्ध हैं। चालू वित्त वर्ष में अंबाला मंडल ने मुंद्रा और चेन्नई बंदरगाहों तक लगभग 5,000 टीईयू उच्च गुणवत्ता वाले चावल की ढुलाई में सहयोग किया है।

अंबाला मंडल के माल ढुलाई नेटवर्क में पंजाब के 8 जिलों में 18 निजी साइडिंग, निजी माल ढुलाई टर्मिनल और गुड्स टर्मिनल शामिल हैं। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ के 16 जिलों में 42 माल गोदाम उपलब्ध हैं। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत चावल और गेहूं की ढुलाई में भी मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका है।

नई योजना को धरातल पर उतारने के लिए अंबाला मंडल मालगाड़ियों की उपलब्धता और संचालन की योजना बनाने के साथ टर्मिनलों की व्यवस्था करेगा। वापसी में माल ढुलाई को सुगम बनाने के लिए गांधीधाम और अहमदाबाद मंडलों के साथ समन्वय किया जाएगा। वहीं, माल के भंडारण और एकत्रीकरण के लिए सीडब्ल्यूसी के साथ एकल खिड़की समन्वय की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया।

ट्रेड मीट में व्यापारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से दोनों दिशाओं में पर्याप्त माल उपलब्ध कराने, साप्ताहिक और मासिक ढुलाई की योजना साझा करने तथा लोडिंग-अनलोडिंग के लिए उपयुक्त टर्मिनल चिह्नित करने की अपील की गई।

रेलवे की इस पहल से व्यापार और उद्योग जगत को किफायती परिवहन सुविधा मिलने के साथ मालगाड़ियों की क्षमता का बेहतर उपयोग हो सकेगा। अंबाला मंडल को उम्मीद है कि व्यापारियों, सीडब्ल्यूसी और रेलवे के आपसी सहयोग से गांधीधाम-पंजाब-हरियाणा के बीच यह दोतरफा माल ढुलाई सर्किट एक प्रभावी और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था के रूप में विकसित होगा।