गांधी-शास्त्री जयंती पर जिला चिकित्सालय में ध्वजारोहण, मरीजों को बांटे फल

मुरादाबाद। महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला चिकित्सालय मुरादाबाद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह नौ बजे चिकित्सालय के एसआईसी डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय ने राष्ट्रध्वज फहराया। इसके बाद उपस्थित चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों ने राष्ट्रगान गाया।

कार्यक्रम में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन, विचारों और देश सेवा को याद किया गया। इसके बाद एसआईसी, सीएमओ, एमएस एवं चिकित्सालय के कर्मचारियों ने जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए।

वहीं, जिला चिकित्सालय की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत मिलन विहार स्थित वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में वृद्धजनों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ रक्तचाप, रक्त शर्करा और आंखों की जांच की गई। इसके अलावा जोड़ों की भी जांच की गई तथा जरूरतमंदों को निशुल्क दवाएं वितरित की गईं।

स्वास्थ्य शिविर का नेतृत्व हॉस्पिटल मैनेजर कुलदीप सक्सेना ने किया। इस दौरान चिकित्सालय की टीम ने वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया।