खेरागढ़ में बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी, छह लोगों पर मुकदमा दर्ज

भाकर और बुरहरा गांव में विद्युत विभाग की कार्रवाई, सुबह पांच और शाम सात बजे भी होगी नियमित चेकिंग

खेरागढ़। जिलाधिकारी आगरा के निर्देश पर विद्युत विभाग ने गुरुवार को खेरागढ़ थाना क्षेत्र के हाई लॉस फीडरों और अधिक विद्युत हानि वाले गांवों में बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी की। इस दौरान भाकर और बुरहरा गांव में छह लोगों के परिसरों की जांच की गई। विद्युत चोरी के आरोप में सभी छह लोगों के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 135 के तहत आगरा के कमलानगर स्थित विद्युत चोरी निरोधक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। विभाग की ओर से आरोपियों पर भारी जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी की जा रही है।

उपखंड अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि खेरागढ़ क्षेत्र के ग्राम भाकर में लखमीचंद, रामकुमार, रामप्रकाश और वीरेंद्र कुमार तथा ग्राम बुरहरा में रमेश चंद, राकेश आदि के परिसरों की मौके पर जांच की गई। जांच के दौरान विद्युत चोरी के मामले सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

छापेमारी अभियान में उपखंड अधिकारी अरविंद कुमार, नवागत अवर अभियंता आकाश, टीजी-2 रामश्याम शर्मा तथा संविदाकर्मी केशव, दुर्गा और सोना सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

 

सुबह पांच और शाम सात बजे होगी चेकिंग

 

उपखंड अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि प्रशासन के निर्देश पर हाई लॉस फीडरों और अधिक विद्युत हानि वाले गांवों में बिजली चोरी रोकने के लिए नियमित अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रतिदिन सुबह पांच बजे और शाम सात बजे विद्युत कनेक्शनों की जांच की जाएगी। उन्होंने बकायेदार उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने और बिजली चोरी से बचने की अपील की।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन बकाया बिल के कारण काटे जा चुके हैं, वे बकाया राशि जमा करने के बाद ही बिजली का उपयोग करें। बिना बकाया जमा किए बिजली का उपयोग करने पर विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।