कासगंज स्टेशन पर ढूंढ निकाला 11 वर्षीय लापता बालक, जीआरपी ने परिजनों को सौंपा

कासगंज। घर से बिना बताए निकले 11 वर्षीय बालक को जीआरपी कासगंज पुलिस ने तलाश कर कासगंज रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। जनपद फर्रुखाबाद से जीआरपी कासगंज के सीयूजी नंबर पर सूचना मिली थी कि मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गांव बनकटी निवासी रणधीर राठौर का 11 वर्षीय पुत्र घर से बिना बताए निकल गया है। वह परिवार का इकलौता पुत्र है। मामले में थाना मोहम्मदाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।

सूचना में बालक के ट्रेन संख्या 55341 में होने की आशंका जताई गई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल ने थाना क्षेत्र में पड़ने वाले सभी 11 रेलवे स्टेशनों पर तैनात पुलिसकर्मियों और एस्कॉर्ट ड्यूटी में लगे पुलिस बल को बालक की तलाश के निर्देश दिए। पुलिस ने सभी संभावित स्थानों पर तलाश शुरू कर दी। चेकिंग के दौरान बालक कासगंज रेलवे स्टेशन पर मिल गया।

बालक के पिता रणधीर राठौर और परिजनों की मौजूदगी में उसे थाना मोहम्मदाबाद से आए निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह मलिक, कांस्टेबल भूपेंद्र और कांस्टेबल मनीष चौधरी के सुपुर्द कर दिया गया। बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने जीआरपी कासगंज पुलिस की तत्परता की सराहना की।

बालक को बरामद करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, हेड कांस्टेबल वीरेश कुमार, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार और हेड कांस्टेबल राजकुमार शामिल रहे।