कपूरथला और मलसियां शाहकोट से कर्नाटक के व्हाइटफील्ड तक पहुंचा आलू, फिरोजपुर मंडल ने माल परिवहन में बनाया नया रिकॉर्ड

कपूरथला और मलसियां शाहकोट से कर्नाटक के व्हाइटफील्ड तक पहुंचा आलू, फिरोजपुर मंडल ने माल परिवहन में बनाया नया रिकॉर्ड

रेल से आलू परिवहन को मिला बढ़ावा

फिरोजपुर। रेलवे के माल परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में फिरोजपुर मंडल ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में चालू वित्त वर्ष में पहली बार कपूरथला और मलसियां शाहकोट रेलवे स्टेशनों से कर्नाटक के व्हाइटफील्ड सैटेलाइट गुड्स टर्मिनल तक आलू की रेल मार्ग से ढुलाई की गई। इस पहल से कृषि उत्पादों के परिवहन में रेलवे की भागीदारी बढ़ने के साथ व्यापारियों और किसानों को भी बड़ी सुविधा मिली है।

रेलवे की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट लगातार व्यापारियों और उद्योग जगत से संपर्क कर सड़क परिवहन के माल को रेल परिवहन की ओर आकर्षित करने के प्रयास कर रही है। रेल मार्ग से कृषि उत्पादों की ढुलाई होने से व्यापारियों को किफायती, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन का विकल्प मिल रहा है। साथ ही रेलवे के माल राजस्व में वृद्धि के नए अवसर भी विकसित हो रहे हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट द्वारा व्यापार एवं उद्योग जगत के साथ नियमित संपर्क स्थापित किया जा रहा है। किसानों और व्यापारियों को रेल परिवहन के लाभों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कपूरथला और मलसियां शाहकोट से व्हाइटफील्ड तक आलू की ढुलाई इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस पहल से कृषि उत्पादों के परिवहन को नई दिशा मिलने के साथ फिरोजपुर मंडल में माल ढुलाई के नए अवसर भी खुल रहे हैं।