कटघर में मिठाई की दुकान का गेट काटकर चोरी, आरोपी गिरफ्तार

मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र के करुला रहमत नगर गली नंबर-3 स्थित टेम्पटेशन मिठाई की दुकान में चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर की रात अज्ञात चोर ने दुकान का गेट काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां से रेड बुल एनर्जी ड्रिंक की 52 बोतलें, किटकैट व डेयरी मिल्क चॉकलेट के डिब्बे, नमकीन-बादाम के डिब्बे, डीवीआर, काउंटर में रखा नकद और 100 रुपये की लकी नोट चोरी कर ली थी। मामले में दुकान संचालक नदीम पुत्र गफ्फार हुसैन निवासी ग्राम नूरपुर बस्तौर, थाना मैनाठेर की तहरीर पर कटघर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुशीर पुत्र इफ्तेखार, हाल निवासी रहमत नगर गली नंबर-3, थाना कटघर को गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी 17 सितंबर 2026 को सुबह 4:27 बजे की गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद होने की बात कही है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुनील राठी और कांस्टेबल सचिन कुमार शामिल रहे।