एशियाई पैरा खेलों में सिल्वर मेडल जीतने वाली पायल नाग का श्राइन बोर्ड ने किया भव्य सम्मान, देश का बढ़ाया गौरव

एशियाई पैरा खेलों में सिल्वर मेडल जीतने वाली पायल नाग का श्राइन बोर्ड ने किया भव्य सम्मान, देश का बढ़ाया गौरव

पायल नाग को श्राइन बोर्ड ने किया सम्मानित

कटरा। अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का लोहा मनवाने वाली भारतीय पैरा तीरंदाज पायल नाग ने एशियाई पैरा खेलों में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया।

जापान के आइची-नागोया में 21 अक्टूबर 2026 को आयोजित एशियाई पैरा खेलों में पायल नाग ने महिला कंपाउंड युगल स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने साथी भारतीय पैरा तीरंदाज शीतल देवी के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराया। दोनों खिलाड़ी श्री माता वैष्णो देवी खेल परिसर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

सम्मान समारोह के दौरान श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुमार वैश्य ने पायल नाग को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, लगन, संघर्ष और खेल के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि पायल की यह उपलब्धि पूरे देश और श्राइन बोर्ड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि पायल भविष्य में भी अपनी प्रतिभा से नई ऊंचाइयां हासिल करेंगी और देश के लिए और पदक जीतेंगी।

उपराज्यपाल एवं श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा के नेतृत्व में बोर्ड खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। श्री माता वैष्णो देवी खेल परिसर को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं, पेशेवर प्रशिक्षण और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी आलोक कुमार मौर्य, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी उधम दास, तीरंदाजी प्रशिक्षक अभिलाषा सहित श्राइन बोर्ड के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

पायल नाग की यह उपलब्धि न केवल भारतीय खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण है, बल्कि उन तमाम दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है, जो अपने हौसले और मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करना चाहते हैं।