एटा-टूंडला मार्ग पर बस खराब होने से यात्रियों की परेशानी, सवारियों और कंडक्टर के बीच हुई कहासुनी।

*एटा-टूंडला मार्ग पर बस खराब होने से यात्रियों की परेशानी, सवारियों और कंडक्टर के बीच हुई कहासुनी।*

एटा/जलेसर। एटा-टूंडला मार्ग पर जरानी कलां पुलिस चौकी के पास बुधवार शाम करीब पांच बजे एटा डिपो की रोडवेज बस खराब हो गई। बस खराब होने के बाद यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान सवारियों और बस कंडक्टर के बीच कहासुनी भी हो गई।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के एटा डिपो की बस संख्या UP82T3615 बदायूं से आगरा जा रही थी। बस में बदायूं और बरेली समेत अन्य स्थानों के यात्री सवार थे, जिन्हें आगरा पहुंचना था। कुछ यात्रियों को टूंडला से ट्रेन भी पकड़नी थी। वहीं, भाई दूज के त्योहार के चलते पहले से ही बसों में काफी भीड़ थी। ऐसे में रास्ते में बस खराब होने से यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गईं।

यात्रियों का कहना था कि त्योहार के चलते पहले से ही आवागमन में परेशानी हो रही थी। बस खराब होने के बाद कई अन्य बसें यात्रियों को सड़क पर खड़ा देखकर भी बिना रोके निकलती रहीं। इससे यात्रियों को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी। इसी बात को लेकर यात्रियों और कंडक्टर के बीच कहासुनी हो गई।

*रिपोर्ट: रमेश जादौन, जलेसर (एटा)*