उत्तर मध्य रेलवे के प्रमुख स्टेशनों पर रेल जनसंवाद, महाप्रबंधक ने यात्रियों से लिया फीडबैक

उत्तर मध्य रेलवे के प्रमुख स्टेशनों पर रेल जनसंवाद, महाप्रबंधक ने यात्रियों से लिया फीडबैक

रेल जनसंवाद में यात्रियों से लिए सुझाव

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे में विशेष अभियान 6.0 के तहत 22 अक्टूबर 2026 को प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने यात्रियों से सीधे संवाद कर रेलवे की सुविधाओं, स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़े सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं प्राप्त कीं।

कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक ने ट्रेन संख्या 20433 जम्मू मेल के विभिन्न डिब्बों में जाकर यात्रियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। यात्रियों से स्टेशन और ट्रेनों में साफ-सफाई, खानपान सेवाओं, यात्री सुविधाओं तथा शौचालयों की व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया गया। उन्होंने यात्रियों के सुझावों के आधार पर सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा कि विशेष अभियान 6.0 के तहत यात्रियों और आम लोगों से लगातार सुझाव लिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में साफ-सफाई और सुरक्षा के क्षेत्र में सुधार हुआ है। महिला यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने उन्हें सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि विशेष अभियान 6.0 एक महीने तक चलाया जा रहा है, लेकिन स्वच्छता और साफ-सफाई निरंतर जारी रहने वाली प्रक्रिया है। रेलवे प्रशासन पूरे वर्ष इस दिशा में काम करता रहेगा। उन्होंने सभी रेल कर्मचारियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की, ताकि रेलवे परिसरों को स्वच्छ और यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाया जा सके।

इसी क्रम में प्रयागराज जंक्शन, आगरा कैंट और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर भी रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रयागराज, आगरा और झांसी मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों ने यात्रियों से बातचीत कर रेलवे सुविधाओं और स्वच्छता के संबंध में सुझाव प्राप्त किए। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप सेवाओं में सुधार करना और यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना है।