इंजीनियरिंग कार्य के चलते दोहरिया गांव का रेलवे फाटक आज रात से आठ घंटे बंद रहेगा

बरेली। इज्जतनगर मंडल के भोजीपुरा-अटामांडा रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित समपार संख्या 01/सी (दोहरिया गांव) पर इंजीनियरिंग अनुरक्षण कार्य किया जाएगा। इसके चलते यह रेलवे फाटक 23 सितंबर की रात 8 बजे से 24 सितंबर की सुबह 6 बजे तक सड़क यातायात के लिए बंद रहेगा।

रेल प्रशासन के अनुसार, इस दौरान सड़क उपयोगकर्ता समपार संख्या 229/सी, पीपलसाना चौधरी गांव के रास्ते वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। रेल प्रशासन ने वाहन चालकों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं से निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करने की अपील की है।

अनुरक्षण कार्य के दौरान होने वाली असुविधा के लिए रेल प्रशासन ने खेद व्यक्त किया है।