आरपीएफ के एसआई रमेश कुमार बने ‘एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ जम्मूतवी एक्सप्रेस में बैग चोरी का खुलासा कर आरोपी को दबोचने में निभाई अहम भूमिका

जोधपुर। उत्कृष्ट कार्य और सजग ड्यूटी के लिए आरपीएफ नागौर आउट पोस्ट के उप निरीक्षक रमेश कुमार को अगस्त माह के लिए ?एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ? चुना गया है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

एसआई रमेश कुमार ने अगस्त माह में नागौर के पास जम्मूतवी एक्सप्रेस में हुई यात्री के बैग चोरी की घटना के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यात्री के बैग से लैपटॉप, 25 हजार रुपये नकद और अन्य सामान चोरी हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने जांच शुरू की।

500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

जांच टीम ने आरोपी तक पहुंचने के लिए नोखा, देशनोक, बीकानेर, सूरतगढ़, हनुमानगढ़, भटिंडा और फिरोजपुर सहित विभिन्न स्थानों पर लगे करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध की पहचान की गई।

लगातार प्रयासों के बाद 18 अगस्त को लूणकरणसर?बीकानेर के बीच चलती ट्रेन में आरोपी को पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात को स्वीकार किया। उसके कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया।

कार्यकुशलता और सजगता को मिला सम्मान

आरपीएफ के अनुसार, मामले की जांच से लेकर आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी का सामान बरामद कराने में एसआई रमेश कुमार की सक्रिय भूमिका रही। उनकी कार्यकुशलता, सतर्कता और कर्तव्य के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें अगस्त माह का ?एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ? चुना गया।

सम्मान समारोह के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने रमेश कुमार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कर्मचारियों की सजगता से यात्रियों की सुरक्षा में और मजबूती आती है।