अवकाश के दिन भी चुनावी तैयारियों में जुटे कार्मिक, हेल्प डेस्क से बांटे 450 से अधिक नामांकन पत्र

अवकाश के दिन भी चुनावी तैयारियों में जुटे कार्मिक, हेल्प डेस्क से बांटे 450 से अधिक नामांकन पत्र

नगर निगम चुनाव को लेकर तैयारियां तेज, संभावित प्रत्याशियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क पर उपलब्ध करवाए नामांकन पत्र

पाली, सिटी नगर निगम आम चुनाव 2026 को लेकर निर्वाचन विभाग की तैयारियां लगातार तेज हो रही हैं। शुक्रवार को राजकीय अवकाश होने के बावजूद नगर निगम में निर्वाचन से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्मिक चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। वहीं संभावित पार्षद प्रत्याशियों की सुविधा को देखते हुए नगर निगम कार्यालय में स्थापित हेल्प डेस्क के माध्यम से नामांकन पत्रों का वितरण किया गया।

450 से अधिक नामांकन पत्र वितरित - रिटर्निंग अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि राजकीय अवकाश होने के बावजूद संभावित उम्मीदवारों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए नगर निगम कार्यालय में स्थापित हेल्प डेस्क पर कार्यरत मोहित माथुर, वीरेन्द्र कुमार एवं गौतम चंद मेवाड़ा ने पार्षद पद के दावेदारों को नामांकन पत्र उपलब्ध करवाए। उन्होंने बताया कि शुक्रवार तक 450 से अधिक नामांकन पत्र वितरित किए जा चुके हैं।

अवकाश में भी निर्वाचन कार्य में जुटे रहे कार्मिक - सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि नगर निगम आम चुनाव को लेकर निर्वाचन से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। शुक्रवार को राजकीय अवकाश होने के बावजूद विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्मिक निर्वाचन संबंधी कार्यों में जुटे रहे। उन्होंने बताया कि चुनाव, अनुमति, लेखा, पोस्टल बैलेट, प्रशिक्षण, वाहन, मतपत्र मुद्रण, स्वीप, शिकायत, ईवीएम एवं मीडिया प्रकोष्ठ के कार्मिकों ने नामांकन पत्रों के सेट तैयार करने के साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को भी संपादित किया।

कार्मिकों को सौंपी जिम्मेदारियां - राणावत ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए संबंधित कार्मिकों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं तथा सभी प्रकोष्ठों में कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इस दौरान ललित कुमार दवे, रमेश कुमार अणकिया, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, राजेश कुमार सैन, अनिता पारीक, शंकर सिंह राजपुरोहित, कुलदीप जोशी सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।