अजमेर मंडल ने समयपालन में रचा इतिहास, 100% प्रदर्शन के साथ भारतीय रेल में प्रथम

अजमेर मंडल ने समयपालन में रचा इतिहास, 100% प्रदर्शन के साथ भारतीय रेल में प्रथम

समय पर ट्रेन संचालन में अजमेर मंडल देशभर में अव्वल

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने समयबद्ध रेल संचालन के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय रेल में अपनी बादशाहत बरकरार रखी है। 16 नवंबर 2026 को मंडल ने 100% समयपालन का रिकॉर्ड प्रदर्शन किया। इस दौरान मंडल से संचालित एक भी मेल, एक्सप्रेस या यात्री ट्रेन विलंब से नहीं चली।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव के अनुसार अप्रैल 2026 से 16 नवंबर 2026 तक अजमेर मंडल ने 98.20% समग्र समयपालन दर्ज किया है। इस उपलब्धि के साथ मंडल पूरे भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान पर बना हुआ है।

इस शानदार प्रदर्शन पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने सभी विभागों के अधिकारियों और रेलकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आपसी समन्वय, कर्मचारियों के समर्पण, कड़ी मेहनत और बेहतर टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अजमेर मंडल भविष्य में भी यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।