अजमेर मंडल के 18 स्टेशनों पर रेल जन संवाद, 200 से अधिक यात्रियों से लिया फीडबैक

अजमेर। विशेष अभियान 6.0 के तहत 22 अक्टूबर 2026 को अजमेर मंडल के 18 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं जानीं। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।

अजमेर स्टेशन पर सुबह 10:30 बजे मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने यात्रियों से संवाद किया। उन्होंने अजमेर और ब्यावर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से बातचीत करने के साथ अजमेर से ब्यावर के बीच अरावली एक्सप्रेस तथा ब्यावर से अजमेर के बीच मैसूर एक्सप्रेस में यात्रा की। इस दौरान 200 से अधिक यात्रियों से फीडबैक लिया गया और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अजमेर मंडल के अजमेर, उदयपुर सिटी, फतेहनगर, कपासन, सोमेसर, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, फालना, जवाई बांध, पिंडवाड़ा, आबू रोड, रानी, भीलवाड़ा, राणाप्रतापनगर, मावली जंक्शन, सोजत रोड, डूंगरपुर और बिजयनगर स्टेशनों पर रेल जन संवाद आयोजित किया गया।

संवाद के दौरान यात्रियों से प्लेटफॉर्म पर शेड और बैठने की व्यवस्था, पेयजल, प्रतीक्षालय, पार्किंग, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाओं, स्वच्छता और खानपान सहित अन्य यात्री सुविधाओं के बारे में सुझाव मांगे गए। साथ ही यात्रियों को रेल परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों को यात्रियों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर मनोज मीणा, मंडल सुरक्षा आयुक्त योगेंद्र सिंह, स्टेशन अधीक्षक रवीश कुमार सहित अन्य रेल अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।