अंतर रेलवे एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तर पश्चिम रेलवे के खिलाड़ियों का जलवा, जीते 4 स्वर्ण और 3 कांस्य पदक

कोलकाता। 91वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तर पश्चिम रेलवे के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कोलकाता में 11 से 13 सितंबर 2026 तक आयोजित चैंपियनशिप में उत्तर पश्चिम रेलवे के खिलाड़ियों ने विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 4 स्वर्ण और 3 कांस्य पदक अपने नाम किए।

चैंपियनशिप में उत्तर पश्चिम रेलवे के खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण का शानदार उदाहरण पेश किया। पुरुष एवं महिला वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर रेलवे का गौरव बढ़ाया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के पदक विजेता खिलाड़ियों में यमनदीप शर्मा ने पुरुष वर्ग की डेकाथलॉन स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं शकील ने 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। महिला वर्ग में माया ने हैमर थ्रो और अंताक्षरी ने 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इसके अलावा सदानंद ने पुरुष वर्ग की 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक, जबकि सन्यम ने शॉटपुट स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। अभिजीत, ऋषु, शकील और रुबिना की टीम ने 4*400 मीटर मिश्रित रिले में कांस्य पदक हासिल कर उत्तर पश्चिम रेलवे की पदक तालिका में एक और उपलब्धि जोड़ी।

खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन से उत्तर पश्चिम रेलवे का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। उनकी सफलता के पीछे निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।