SIR को लेकर हरदोई कांग्रेस ने आंदोलन का किया ऐलान, 8 अक्टूबर को पदयात्रा के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकेगी पार्टी, एक माह तक गांव-गांव निकालेगी वोट बचाओ देश बचाओ पदयात्रा

हरदोई। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन का ऐलान किया है। मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त पत्रकार वार्ता में आंदोलन की रूपरेखा घोषित की गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडेय ने कहा कि SIR में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता में भी आक्रोश है। उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर को कांग्रेस की ओर से पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे को उठाएगी।
विक्रम पांडेय ने बताया कि 10 से 20 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न ब्लॉकों और सभी नगर पंचायतों में बाइक एवं साइकिल रैली निकाली जाएगी। वहीं, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने बताया कि 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक गांव-गांव ?वोट बचाओ, देश बचाओ? पदयात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर SIR में हटाए गए नामों की जानकारी जुटाएंगे और नाम हटाए जाने का कारण भी जानेंगे।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, SIR के दौरान हरदोई जनपद में करीब 3 लाख 96 हजार मतदाताओं की संख्या कम हुई है। पार्टी घर-घर जाकर जानकारी जुटाने के साथ शिकायतों और तथ्यों को शासन-प्रशासन के समक्ष रखेगी।
पत्रकार वार्ता का संयोजन एडवोकेट अजीत विशाल नंदवंशी, ओबीसी जिला अध्यक्ष कांग्रेस ने किया। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति के अध्यक्ष विनीत वर्मा, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन सिंह, कार्यालय प्रभारी महताब अहमद, ममता पाल, राहुल गौतम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।