Chandauli News:चंद्रप्रभा रेंज की टीम ने गश्त के दौरान पकड़ा पत्थर लदा ट्रैक्टर सिकंदरपुर-बेरी-अदलहाट मार्ग पर हुई कार्रवाई, चंद्रप्रभा और चकिया रेंज के वनकर्मियों की संयुक्त टीम ने की धरपकड़

 

चकिया। वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और प्राकृतिक संपदा की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में रविवार को चंद्रप्रभा रेंज की टीम ने गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्थर (डोका) लदे एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया। वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से पत्थरों के परिवहन में संलिप्त लोगों में खलबली मच गई है। पकड़े गए ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, चंद्रप्रभा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अखिलेश कुमार दुबे के नेतृत्व में वनकर्मियों की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम जब सिकंदरपुर-बेरी-अदलहाट मार्ग पर पहुंची तो एक ट्रैक्टर पर पत्थर (डोका) लदा हुआ दिखाई दिया। वनकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर को रोक लिया और उसकी जांच-पड़ताल के बाद उसे अपने कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर पर लदे पत्थरों के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई गई। इसके बाद विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

इस कार्रवाई की खास बात यह रही कि अभियान में चंद्रप्रभा रेंज के वनकर्मियों के साथ चकिया रेंज के कर्मचारी भी शामिल रहे। दोनों रेंज के कर्मचारियों की संयुक्त सक्रियता से मार्ग पर पत्थर लदे ट्रैक्टर को पकड़ा जा सका। वन विभाग की टीम की ओर से क्षेत्र में लगातार गश्त कर प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

चंद्रप्रभा रेंज की इस कार्रवाई को वन संपदा की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभागीय टीम की सक्रियता से स्पष्ट है कि वन क्षेत्र और उससे जुड़े मार्गों पर अवैध गतिविधियों को लेकर निगरानी जारी है। वन विभाग ने पकड़े गए ट्रैक्टर के मामले में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।